लकड़ी माफिया की कवरेज करने पर गाली गलौज अभद्र भाषा का प्रयोग
दैनिक उत्तम हिंदुस्तान ब्यूरो : बिजनौर
बिजनौर। नजीबाबाद क्षेत्र में लकड़ी माफियाओं के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। जलालाबाद बाईपास पर लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की कवरेज करने गए एक पत्रकार के साथ दबंगों द्वारा गाली-गलौच, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी खुलेआम धमकी देते नजर आ रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नजीबाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजारामपुर निवासी आकिफ हुसैन पुत्र जाहिद हसन पेशे से पत्रकार हैं।
26 जुलाई 2026, रात्रि करीब 10:20 बजे जलालाबाद बाईपास स्थित पेट्रोल पंप के सामने, चौधरी ढाबे के पास।
पत्रकार आकिफ हुसैन को सूचना मिली थी कि उक्त स्थान पर आम की लकड़ी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी है। सूचना पाकर जब वे मौके पर कवरेज करने पहुंचे और बाद में खबर प्रकाशित की, तो वहां मौजूद कुछ लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया।
पत्रकार द्वारा मौके की वीडियो कवरेज करने के दौरान आरोपी साबिर, उसका साथी खलील पुत्र अज्ञात और दो अन्य लोग भड़क उठे। आरोप है कि उन्होंने पत्रकार के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी।
घटना का जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, उसमें आरोपी साबिर और उसके साथी पत्रकारों के लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए और गंभीर परिणाम भुगतने की बात कहते हुए साफ सुने जा सकते हैं।
पीड़ित पत्रकार के अनुसार, आरोपी दबंग और अपराधिक मानसिकता के व्यक्ति हैं और क्षेत्र में लकड़ी माफिया के रूप में जाने जाते हैं। इस घटना के बाद से पत्रकार और उसका परिवार गहरे सदमे और भय के माहौल में है। उन्हें अपनी जान का लगातार खतरा सता रहा है।
पीड़ित पत्रकार आकिफ हुसैन ने अपने समस्त पत्रकार साथियों के साथ जाकर स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेते हुए नामजद आरोपियों (साबिर, खलील व अन्य) के खिलाफ तत्काल सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।