UP: मायावती बोलीं- प्रदेश में उम्मीदवार मैं ही तय कर रही, आकाश आनंद को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम में सच्चाई नहीं

Jul 31, 2026 - 15:20
Jul 31, 2026 - 15:28
 0  2
UP: मायावती बोलीं- प्रदेश में उम्मीदवार मैं ही तय कर रही, आकाश आनंद को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम में सच्चाई नहीं

लखनऊ 

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद की भूमिका को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं पर स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि यूपी में विधानसभा चुनाव के उम्मीदवारों का अंतिम फैसला वही कर रही हैं और अब तक करीब दो दर्जन से अधिक उम्मीदवार तय किए जा चुके हैं।मायावती ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत लखनऊ स्थित पार्टी प्रदेश कार्यालय में कई राज्य स्तरीय बैठकें उनके द्वारा ली जा चुकी हैं। इन बैठकों में प्रदेश और मंडल स्तर के पदाधिकारियों को उम्मीदवार चयन के संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि उम्मीदवारों के इंटरव्यू आदि की प्रक्रिया के बाद अब तक 20 से अधिक प्रत्याशियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है और आगे भी सभी सीटों पर उम्मीदवारों का फैसला उनके स्तर से ही होगा।

आकाश आनंद को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप

मायावती ने कहा कि आकाश आनंद को लेकर तरह-तरह के भ्रम फैलाए जा रहे हैं, जिनमें कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश में विधानसभा या लोकसभा चुनावों के दौरान उम्मीदवारों को अंतिम रूप देने का अधिकार उनके पास ही रहता है।


उन्होंने कहा कि जिन विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार तय हो चुके हैं, वहां उनकी अनुमति से पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी जनसभाएं कर प्रत्याशियों का ऐलान कर रहे हैं। इसी क्रम में आकाश आनंद भी कुछ सीटों पर पार्टी की जनसभाओं के माध्यम से उम्मीदवारों की घोषणा करेंगे।

आकाश आनंद जिम्मेदारी ईमानदारी से निभा रहे’

बसपा प्रमुख ने कहा कि पिछले करीब एक वर्ष से आकाश आनंद को देशभर में संगठन की समीक्षा बैठकों और जनसभाओं के लिए भेजा जा रहा है। हाल में जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए, वहां भी उनके निर्देश पर आकाश आनंद ने पार्टी की चुनावी जनसभाएं कीं। उन्होंने कहा कि आकाश आनंद अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी और निष्ठा से निभा रहे हैं।

मायावती ने लखनऊ में 9 अक्तूबर 2025 को कांशीराम की पुण्यतिथि पर आयोजित बसपा की महारैली का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस कार्यक्रम में आकाश आनंद को संबोधित करने का अवसर दिया गया था। लोकसभा चुनाव के दौरान भी उन्हें उत्तर प्रदेश समेत देश के अन्य राज्यों में पार्टी की चुनावी जनसभाओं के लिए भेजा गया था।

‘पार्टी की रूटीन प्रक्रिया का हिस्सा’

मायावती ने कहा कि आकाश आनंद द्वारा यूपी में कुछ सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा के लिए जनसभाएं करना पार्टी की सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है। इसका उनके राजनीतिक कद को बढ़ाने या घटाने और उम्मीदवार चयन से कोई संबंध नहीं है।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया पर आकाश आनंद को लेकर चल रही चर्चाओं से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि पार्टी के लोगों को ऐसे ‘शरारती और जातिवादी तत्वों’ से सतर्क रहना चाहिए।