यातायात नियमों का पालन ही सुरक्षित जीवन की कुंजी, साइबर ठगी से भी रहें सतर्क: राधा रमन
सरोजनीनगर।
सरोजनीनगर क्षेत्र के शांति नगर स्थित क्रिएटिव कॉन्वेंट कॉलेज में शुक्रवार को यातायात जागरूकता एवं अपराध निरोधक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एसीपी ट्रैफिक राधा रमण सिंह एवं टीआई विनोद कुमार टीएस आई गजेंद्र त्रिपाठी ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन तथा साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि नियमों के प्रति जागरूकता और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका ही दुर्घटनाओं व अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगा सकती है।
एसीपी ट्रैफिक राधा रमण सिंह ने विद्यार्थियों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना कानूनन अपराध है और इससे गंभीर दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ट्रैफिक सिग्नल, निर्धारित गति सीमा और अन्य यातायात नियमों का पालन कर न केवल स्वयं बल्कि दूसरों की जान भी सुरक्षित रखी जा सकती है।
टीआई विनोद कुमार सिंह ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए छात्रों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग सोच-समझकर करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, आपातकालीन हेल्पलाइन और कानून के प्रति जागरूक रहने का भी संदेश दिया।
टीएस आई गजेंद्र त्रिपाठी ने बच्चों व उनके पेरेंट्स को भी इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया अपने छात्रों को घर से निकलने के दौरान बिना हेलमेट के वाहन लेकर बाहर ना जाने दें।
कॉलेज के चेयरमैन इंजीनियर योगेंद्र सचान ने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं। यदि वे अभी से अनुशासन, कानून के प्रति सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारियों को अपनाएंगे तो एक सुरक्षित और जागरूक समाज का निर्माण संभव होगा।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने यातायात नियमों, साइबर सुरक्षा और अपराधों से बचाव से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समाधान किया। अंत में विद्यार्थियों ने यातायात नियमों का पालन करने तथा समाज को जागरूक करने का संकल्प भी लिया।
