ग्राम मुकरन्दपुर में किसान महापंचायत में गरजे सत्यवीर सिंह उर्फ सोनू, स्मार्ट मीटर लगाने पर विरोध की चेतावनी
गन्ना मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल करने, बिजनौर को गुलदार मुक्त बनाने की उठाई मांग
ग्राम मुकरन्दपुर में किसान महापंचायत में धर्मेंद्र सिंह उर्फ भोले प्रधान के सफल आयोजन में उमड़ी किसानों की भीड़
उत्तम हिंदुस्तान ब्यूरो बिजनौर
झालू। रविवार को ग्राम मुकरन्दपुर स्थित मानक चंद देव स्थल पर भाकियू (टिकैत) की किसान महापंचायत का आयोजन किया गया। इसमें आसपास के क्षेत्र के लगभग 3 हजार किसानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। महापंचायत में किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके समाधान की मांग उठाई गई।
महापंचायत में गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने, शुगर मिलों से निकलने वाली मैली किसानों को मुफ्त उपलब्ध कराने और बिजनौर जिले को गुलदार मुक्त बनाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। इसके अलावा सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहित की जा रही किसानों की जमीन का उचित मुआवजा देने तथा किसानों के घरों पर स्मार्ट मीटर लगाए जाने का विरोध किया गया।
मुख्य अतिथि भाकियू के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यवीर सिंह उर्फ सोनू और मनप्रीत सिंह ने कहा कि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिजली विभाग ने किसानों के घरों पर स्मार्ट मीटर लगाने की कार्रवाई की तो किसान इसका विरोध करेंगे और स्मार्ट मीटर उखाड़ने के लिए मजबूर होंगे। किसानों को 600 रुपये प्रति कुंटल गन्ना मूल्य करने और गुलदार के बढ़ते खतरे से निजात दिलाने के लिए भी ठोस कदम उठाने की मांग की। योगेंद्र सिंह (बिट्टू), जगत सिंह, नेमपाल, अमरपाल, टीकम, नौबहार, ऋषिपाल, लुदियान सिंह आदि वक्ताओं ने अपने- अपने विचार व्यक्त किए।
महापंचायत की अध्यक्षता उमेश सिंह ने की। कार्यक्रम का संचालन धर्मेंद्र सिंह उर्फ भोले प्रधान और मोनू सिंह ने किया। इस दौरान ग्राम मुकरन्दपुर के ग्राम प्रधान धर्मेंद्र सिंह उर्फ भोले सहित सोर्वेंद्र सिंह, सौरभ, रणवीर सिंह, कल्याण सिंह, शानी, आदित्य, राहुल, नरेंद्र, भूपेंद्र, गजेंद्र, सुजीव, हरिराज, अनिक, रोहतास, गौरव, ओमकार सिंह, प्रवीण सहित क्षेत्र के अनेक किसान मौजूद रहे।