सपा की कांति सिंह ने जीता लखनऊ स्नातक MLC चुनाव:BJP के अवनीश 17,127 वोट से हारे; मतगणना स्थल के बाहर आतिशबाजी

Oct 28, 2026 - 19:18
 0  16
सपा की कांति सिंह ने जीता लखनऊ स्नातक MLC चुनाव:BJP के अवनीश 17,127 वोट से हारे; मतगणना स्थल के बाहर आतिशबाजी

लखनऊ स्नातक MLC चुनाव सपा की प्रत्याशी कांति सिंह ने जीत लिया है। उन्होंने भाजपा के अवनीश सिंह को 17,127 वोट से हरा दिया। रात 10:45 बजे कांति की जीत की घोषणा होते ही मतगणना स्थल रमाबाई आंबेडकर मैदान के बाहर सपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी शुरू कर दी।

मतगणना 9 राउंड तक चली। कांति सिंह ने पहले राउंड से करीब 2 हजार वोटों की लीड ली थी। जैसे-जैसे गिनती बढ़ती गई, कांति सिंह की लीड भी बड़ी होती गई। 9वें और अंतिम राउंड पूरा होने तक कांति सिंह भाजपा के अवनीश सिंह से 17,127 वोट आगे हो गईं। 9वें और अंतिम राउंड की गितनी पूरी हो चुकी है। कांति सिंह को कुल 56,905 वोट मिले, जबकि बीजेपी के प्रत्याशी इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह 39,778 वोट ही पा सके।

इससे पहले लखनऊ खंड शिक्षक MLC सीट पर भाजपा प्रत्याशी उमेश द्विवेदी ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की। उनके सामने सपा के सुशील कुमार 4,808 वोट से हार गए। उमेश को 13,179 वोट मिले, जबकि सुशील कुमार 8,371 वोट ही पा सके। इस वोटिंग में कुल 25,835 वैध मत पड़े। इसमें जीत का कोटा 12,918 मतों का था। उमेश द्विवेदी को जीत के लिए निर्धारित 12,918 मतों के कोटे से 261 अधिक वोट मिले।

उमेश द्विवेदी ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी नेतृत्व का आभार। भाजपा ने एक सामान्य शिक्षक को लखनऊ जैसी सीट से तीसरी बार प्रत्याशी बनाया। इसके लिए मैं पार्टी का आभारी हूं। उन लाखों शिक्षकों का भी धन्यवाद, जिन्होंने लगातार तीसरी बार मुझ पर भरोसा जताया।