नगीना में साधु का वेश धारण कर कपड़ा व्यापारी से 11,500 रुपये ठगे, दो गिरफ्तार  

पुलिस ने पूरी रकम की बरामद, पंजाब के मोगा जनपद के रहने वाले हैं दोनों आरोपी, भीख मांगने वालों की पहचान और सत्यापन कराने की मांग

Nov 3, 2026 - 14:38
 0  26
नगीना में साधु का वेश धारण कर कपड़ा व्यापारी से 11,500 रुपये ठगे, दो गिरफ्तार  

--भीख मांगने वालों की पहचान और सत्यापन कराने की मांग

उत्तम हिंदुस्तान ब्यूरो बिजनौर

बिजनौर। नगीना में साधु का वेश धारण कर कपड़ा व्यापारी को बातों में उलझाकर 11,500 रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी गई पूरी रकम भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, मोहल्ला मानक चंद निवासी कपड़ा व्यापारी राजेश टंडन ने दो नवंबर को थाने में तहरीर देकर बताया था कि दो अज्ञात व्यक्ति साधु के वेश में उनकी दुकान पर आए। दोनों ने उन्हें बातों में उलझाकर छलपूर्वक 11,500 रुपये की नकदी ले ली और फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान जशन नाथ पुत्र कुलदीप नाथ निवासी मोहल्ला जोगिमान्दा तथा सेवानाथ पुत्र सुरेशनाथ निवासी ग्राम लोहागढ़ बस्ती, थाना धर्मकोट, जनपद मोगा (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

बॉक्स ---

भीख मांगने वालों की पहचान और सत्यापन कराने की मांग

नगीना में साधु का वेश धारण कर कपड़ा व्यापारी से ठगी की घटना सामने आने के बाद पूरे बिजनौर जिले में भीख मांगने वालों की जांच और पहचान सत्यापित कराने की मांग उठ रही है। लोगों का कहना है कि भिक्षा मांगने की आड़ में घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जानी चाहिए। पुलिस प्रशासन से मांग की गई है कि जिलेभर में अभियान चलाकर ऐसे लोगों का सत्यापन कराया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की ठगी और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

@akag उत्तम हिंदुस्तान जिला ब्यूरो चीफ बिजनौर