सीता नवमी पर कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल में भव्य कार्यक्रम का आयोजन छात्राओं को मां सीता के आदर्श जीवन से मिली प्रेरणा भारतीय संस्कृति और नारी गौरव पर वक्ताओं ने डाला प्रकाश छात्राओं ने लिया सकारात्मक मूल्यों को अपनाने का संकल्प

हाथरस। सीता नवमी के पावन अवसर पर विश्व हिंदू परिषद मातृशक्ति दुर्गावाहिनी, हाथरस द्वारा कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल में एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में भारतीय संस्कृति, नारी गौरव एवं सनातन मूल्यों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा।कार्यक्रम के दौरान मां सीता के आदर्श जीवन चरित्र, उनके त्याग, समर्पण, धैर्य, मर्यादा और आत्मबल पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि मां सीता भारतीय संस्कृति की वह दिव्य प्रतीक हैं, जिनका जीवन प्रत्येक नारी के लिए प्रेरणा स्रोत और समाज के लिए आदर्श मार्गदर्शक है।इस अवसर पर छात्राओं को अपने जीवन को संस्कारित, अनुशासित तथा राष्ट्र एवं धर्म सेवा के प्रति समर्पित करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान वातावरण में संस्कृति, संस्कार और राष्ट्रभक्ति की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली।कार्यक्रम का संचालन जिला सह संयोजिका प्रियांशी वार्ष्णेय एवं मुख्य वक्ता जिला संयोजिका दुर्गावाहिनी, हाथरस महक रावत द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य मुकेश शर्मा, विद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने मां सीता के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए जीवन में सकारात्मक मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया
Jitendra


