कान्हा गौशाला में अव्यवस्थाएं, एक गाय की मौत से लोगों में रोष

कान्हा गौशाला में अव्यवस्थाएं, एक गाय की मौत से लोगों में रोष
ब्यूरो चीफ : बिजनौर
किरतपुर। नगर स्थित कान्हा गौशाला में अव्यवस्थाओं का मामला सामने आया है, जहां गायों की अत्यधिक संख्या के चलते उनकी समुचित देखभाल नहीं हो पा रही है। अपर्याप्त स्थान और संसाधनों की कमी के कारण एक गाय मृत पाई गई, जिससे गौशाला प्रबंधन और संबंधित विभाग की लापरवाही उजागर हुई है।
नजीबाबाद मार्ग पर स्वागत द्वार के समीप स्थित इस गौशाला में करीब 75 निराश्रित पशु रखे गए हैं। एक ही स्थान पर इतनी संख्या में पशु होने के कारण उनकी देखभाल में गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। जगह की कमी के चलते गायों को बांधने और उनके रखरखाव में भी दिक्कतें सामने आ रही हैं, जिससे उनकी स्थिति दयनीय बनी हुई है।
घटना के बाद गऊ प्रेमियों और स्थानीय लोगों में भारी रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते उचित व्यवस्था की जाती, तो इस तरह की घटना टाली जा सकती थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए गऊ प्रेमियों ने जिलाधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि गौशाला की व्यवस्थाओं में सुधार किया जा सके और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
A K

