मंडी समिति में टीन शेड पर कब्जे का आरोप, कार्रवाई न होने पर किसानों ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार

0
1000101027.jpg
Spread the love

1000101027.jpg

मंडी समिति में टीन शेड पर कब्जे का आरोप, कार्रवाई न होने पर किसानों ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार

ब्यूरो चीफ : बिजनौर

बिजनौर/किरतपुर। किरतपुर मंडी समिति एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गई है। किसानों ने आरोप लगाया है कि मंडी परिसर में किसानों की सुविधा के लिए बनाए गए टीन शेड पर कुछ व्यापारियों ने कब्जा कर रखा है, जिससे आम किसानों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
किसानों के अनुसार, टीन शेड का निर्माण फसल की नीलामी और खराब मौसम से बचाव के उद्देश्य से किया गया था, लेकिन वर्तमान में इन शेडों में व्यापारियों द्वारा निजी तौर पर गुड़ रखा जा रहा है। इससे किसानों को अपनी उपज खुले में धूप में रखने को मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे उनकी फसल खराब हो रही है और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
पीड़ित किसानों का कहना है कि मंडी परिसर में पर्याप्त स्थान होने के बावजूद उन्हें शेड उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। साथ ही, टीन शेड के आवंटन में किसी प्रकार की पारदर्शी प्रक्रिया, आधिकारिक आदेश या सार्वजनिक सूचना का पालन नहीं किया जा रहा, जिससे व्यवस्था की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
किसानों ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में 6 मार्च 2026 को जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी बिजनौर को भी प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। अधिकारियों द्वारा सुनवाई न किए जाने से नाराज किसानों ने अब मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अनिल कुमार, तनवीर, देवेन्द्र कुमार, महेन्द्र सिंह, शाहनवाज, जिले सिंह आदि किसानों ने मुख्यमंत्री पोर्टल के माध्यम से शिकायत करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। किसानों का कहना है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

A K

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed