अंबेडकर जयंती पर सामाजिक-राजनीतिक एकता का प्रदर्शन, महासम्मेलन में संगठन पर जोर

नेताओं ने शिक्षा, जागरूकता और वोट की ताकत को बताया समाज के उत्थान का आधार
हरदोई। डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर आयोजित एकीकृत पासी समाज के विशाल महासम्मेलन ने सामाजिक जागरूकता के साथ-साथ राजनीतिक एकजुटता का भी संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान समेत कई जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने सम्मेलन को विशेष महत्व प्रदान किया।
सम्मेलन में हरदोई सांसद जयप्रकाश, मिश्रिख सांसद अशोक रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमवती वर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, विधायक श्याम प्रकाश, प्रभाष कुमार, कुंवर माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। बड़ी संख्या में पासी समाज के लोगों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को जनसैलाब का रूप दे दिया।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में समाज की ऐतिहासिक विरासत और संघर्षशील परंपरा को रेखांकित करते हुए कहा कि पासी समाज में अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें शिक्षा और संगठन के माध्यम से नई दिशा दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि समाज को अपने वोट की ताकत को समझते हुए एकजुट होकर अपने भविष्य का निर्णय करना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि समाज को अपेक्षित प्रतिनिधित्व न मिलने का प्रमुख कारण बिखराव है, जिसे दूर करने की जरूरत है। शिक्षा, संगठन और निरंतर संघर्ष को उन्होंने समाज की प्रगति का मूल मंत्र बताया। कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने भी बाबा साहब अंबेडकर के विचारों को अपनाने और सामाजिक समानता के लिए कार्य करने पर जोर दिया। नेताओं ने कहा कि आज के समय में समाज की भागीदारी और जागरूकता ही उसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है। कार्यक्रम का संचालन इंजीनियर ओम वर्मा ने किया, जबकि आयोजन की व्यवस्थाओं में अतुल सिंह ने मीडिया प्रभारी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Sudhir Gangwar

