दहेज के लिए विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला, 6 के खिलाफ पुलिस को दी तहरीर

दहेज के लिए विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला, 6 के खिलाफ पुलिस को दी तहरीर
शाहाबाद, हरदोई। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पटकना में एक विवाहिता को ससुरालियों द्वारा प्रताड़ित कर मारपीट कर घर से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है, जिसमें पति सहित 6 लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना लोनार के ग्राम बिचकूला निवासी बांकेलाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री शैलजा गुप्ता (25) की शादी लगभग 5 वर्ष पूर्व शाहाबाद कोतवाली के मोहल्ला पटकना निवासी नवीन चंद्र गुप्ता पुत्र गंगासागर के साथ हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद दो पुत्रियां होने से ससुराल वाले नाराज थे।
आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग आए दिन उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करते थे। कम राशन देकर खाना ठीक न बनाने का ताना दिया जाता था और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था। दोनों परिवारों के बीच कई बार थाना लोनार और शाहाबाद में सुलह-समझौता भी हुआ, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं आया।
- पीड़िता के अनुसार, 10 अप्रैल 2026 को ससुराल वालों ने उसकी जमकर पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद मायके वालों ने हरदोई में उसका इलाज कराया और सीटी स्कैन भी कराया, जिसमें चोटों की पुष्टि हुई। लोक-लाज के कारण वह वापस ससुराल लौट आई।
पीड़िता का कहना है कि 2 मई 2026 को शाम करीब 4:00 बजे ससुरालियों ने फिर से उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसने अपने पिता को बुलाया और महिला हेल्पलाइन ‘1090’ पर कॉल की। पुलिस के आने और समझाने के बाद पुलिस लौट गई, जिसके बाद ससुरालियों ने फिर से उसके साथ मारपीट की। पीड़िता ने दोबारा ‘1090’ पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे सकुशल उसके मायके वालों के साथ भेज दिया। आरोप है कि ससुरालियों ने उसका सारा सामान और जेवर छीन लिए और वह केवल पहने हुए कपड़ों के साथ मायके आई।
ससुराल पक्ष से कोई हाल-चाल न लेने पर, 5 मई 2026 को पीड़िता अपने माता-पिता और भाई के साथ कोतवाली शाहाबाद पहुंची और पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई। जिस पर पुलिस ने जांच के आदेश दिए हैं।
Kapil Mishra

