हाथरस में 9 मई को निकलेगी महाराणा प्रताप की भव्य ऐतिहासिक शोभायात्रा, आयोजक अनिल सिसोदिया ने रॉयल रिच रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी, नासिक ढोल, उज्जैन के डमरू और राजस्थान के नगाड़े बनेंगे आकर्षण का केंद्र, दाऊजी मंदिर पर होगा विशाल प्रसादी वितरण

हाथरस। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा द्वारा आगामी 9 मई समय दो बजे से वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की स्मृति में शहर में भव्य एवं ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस बार शोभायात्रा को विशेष रूप से सांस्कृतिक और पारंपरिक स्वरूप दिया गया है, जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है।
कार्यक्रम के अध्यक्ष एवं भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनिल सिसोदिया ने बताया कि शोभायात्रा में उज्जैन से आए डमरू दल, नासिक ढोल और राजस्थान के पारंपरिक नगाड़े मुख्य आकर्षण रहेंगे। इसके अलावा राजसी ठाठ-बाट के साथ ऊंट-घोड़ों का लवाजमा भी यात्रा की शोभा बढ़ाएगा। यात्रा में भारत के महान वीरों और महापुरुषों की गौरवगाथा दर्शाती आकर्षक झांकियां भी निकाली जाएंगी।
शोभायात्रा का शुभारंभ गौशाला रोड स्थित तुलसी स्मृति भवन से होगा, जहां बाहर से आए अतिथियों और आगंतुकों का भव्य स्वागत किया जाएगा। यहां प्रसादी की भी व्यवस्था रहेगी। यात्रा का समापन दाऊजी महाराज मंदिर पर होगा, जहां विशाल प्रसादी वितरण किया जाएगा।
अनिल सिसोदिया ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र राणा दीप प्रज्वलित कर करेंगे। मुख्य वक्ता के रूप में एमएलसी मानवेंद्र सिंह गुरुजी एवं ब्रज क्षेत्र महामंत्री नागेंद्र सिंह सिकरवार संबोधित करेंगे।
इसके अलावा पूर्व विधायक सुरेश प्रताप गांधी, यशपाल सिंह चौहान, राजवीर सिंह पहलवान, पूर्व एमएलसी राकेश सिंह राणा, क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री मतेंद्र सिंह गहलोत तथा प्रदेश महासचिव योगेंद्र सिंह गहलोत समेत समाज के अनेक गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल होंगे।
शोभायात्रा तुलसी स्मृति भवन से शुरू होकर गौशाला रोड, भूरापीर चौराहा, मथुरा गेट चौराहा, सर्कुलर रोड, कमला बाजार, पंजाबी मार्केट, घंटाघर, बृजवाला कुआं, पुनावाला डंडा, लोहट बाजार, पत्थर वाला बाजार और नयागंज होते हुए दाऊजी महाराज मंदिर पहुंचेगी।
आयोजकों ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे इस ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।
Jitendra

