मंडी परिसर में चोरी से व्यापारियों में आक्रोश, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, खराब सीसीटीवी और लापरवाह गार्डों से नाराज व्यापारी, अधिकारियों से मिले, जल्द खुलासे की मांग

हाथरस। मंडी परिसर में हुई चोरी की घटना के बाद व्यापारियों में दहशत और आक्रोश व्याप्त है। गुरुवार को हाथरस आढ़तिया एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल उपजिलाधिकारी एवं मंडी सभापति राज बहादुर तथा क्षेत्राधिकारी सदर योगेंद्र कृष्ण नारायण से मिला और मंडी की बदहाल सुरक्षा व्यवस्था पर नाराजगी जताई।
व्यापारियों ने अधिकारियों को बताया कि मंडी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। सुरक्षा के लिए लगाए गए संसाधन केवल शोपीस बनकर रह गए हैं। दिनदहाड़े व्यापारी के यहां चोरी की घटना हो जाती है और जब पुलिस जांच के लिए सीसीटीवी कैमरे चेक करती है तो अधिकांश कैमरे खराब मिलते हैं। इससे व्यापारियों में भारी रोष है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मंडी परिसर में तैनात गार्ड अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं कर रहे हैं। न तो नियमित गश्त होती है और न ही सुरक्षा को लेकर गंभीरता दिखाई जाती है। इसी लापरवाही का फायदा उठाकर चोर लगातार घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद भी मंडी सचिव की ओर से सीसीटीवी कैमरों को सही कराने के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किया गया।
व्यापारियों ने अधिकारियों से मांग की कि चोरी की घटना का जल्द खुलासा किया जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। इस दौरान व्यापारियों ने मंडी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कराने, खराब कैमरे ठीक कराने और गार्डों की जवाबदेही तय करने की भी मांग उठाई।
क्षेत्राधिकारी सदर और उपजिलाधिकारी ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि चोरी की घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा तथा मंडी की सुरक्षा व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं को शीघ्र दुरुस्त कराया जाएगा।
इस मौके पर प्रवीण वार्ष्णेय, उमाशंकर वार्ष्णेय, अरुण कुमार अग्रवाल, राजेश वार्ष्णेय, अंकुर अग्रवाल, योगेंद्र वार्ष्णेय, चौधरी भीकमबर सिंह, सौरव अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, विनोद शर्मा, राकेश गुप्ता, नरेंद्र बंसल, कुलदीप, अमर शर्मा, मनोज, शिव शंकर गुलाटी, दीपक वार्ष्णेय, मयूर अग्रवाल, भानु प्रकाश, मनीष अग्रवाल, विशन गुप्ता, पिन्नी लाल, अमित अग्रवाल, मुकेश बंसल, ऋतिक बंसल, पीयूष अग्रवाल, लक्ष्मण खंडेलवाल, प्रमोद शर्मा सहित सैकड़ों व्यापारी मौजूद रहे।
Jitendra



