कन्या इंटर कॉलेज सासनी में मिनी पुस्तकालय का उद्घाटन,

कन्या इंटर कॉलेज सासनी में मिनी पुस्तकालय का उद्घाटन, मेधावी छात्राएं और स्टाफ सम्मानित
सासनी. सामुदायिक विकास और शिक्षा के स्तर को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कन्या इंटर कॉलेज में ओम सरला फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से एक सराहनीय पहल की गई। ट्रस्ट द्वारा कॉलेज को एक मिनी पुस्तकालय स्वरूप, 200 बहुउपयोगी एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकों से सुसज्जित एक अलमीरा भेंट की गई।
इस मिनी पुस्तकालय का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक अंजुला सिंह माहौर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेमसिंह कुशवाहा द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित छात्राओं और शिक्षिकाओं को संबोधित करते हुए अपने प्रेरणादायी और व्यावहारिक विचारों से लाभान्वित किया। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि पुस्तकें हमारे जीवन की सबसे अच्छी मित्र होती हैं और यह पुस्तकालय छात्राओं के बौद्धिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में ओम सरला ट्रस्ट के संस्थापक एवं सीमैक्स इंटरनेशनल कॉलेज के डायरेक्टर अरुण सिंह गरिमामयी रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कन्या इंटर कॉलेज के प्रबंधक दीपेश भार्गव द्वारा की गई। इस अवसर पर ओम सरला ट्रस्ट फाउंडेशन द्वारा एक भव्य सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया, एन.एम.एम.एस. परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाली 13 मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को प्रतीक चिह्न भेंट किया गया। विद्यालय के समस्त समर्पित स्टाफ को भी उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में कॉलेज की प्रधानाचार्य द्वारा मुख्य अतिथि सहित उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों का पुष्प गुच्छ एवं पट्टिकाएं पहनाकर भावभीना स्वागत व अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में समस्त कॉलेज स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। इस गरिमामयी अवसर पर संजय सिंह, भोला सिंह, शुभेंदु पाठक, लवली गुप्ता और अविनाश तिवारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनकी उपस्थिति सराहनीय रही। कार्यक्रम का सुचारू और सफल संचालन ममता शर्मा द्वारा किया गया।
MANOJ VAISHYA



