ततारपुर में भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ

ततारपुर में भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ
सासनी । तहसील क्षेत्र के निकटवर्ती गांव ततारपुर में श्रीमद् भागवत कथा के आयोजन को लेकर ग्रामीणों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। कथा के शुभारंभ से पूर्व गांव ततारपुर में अत्यंत भव्यता और हर्षोल्लास के साथ कलश यात्रा निकाली गई। इस मंगल यात्रा में सैकड़ों की संख्या में पीत वस्त्र धारण किए महिलाओं और श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
कलश यात्रा के दौरान पूरा गांव भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। बैंड-बाजों की मधुर धार्मिक धुनों और ठाकुर जी के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। कलश यात्रा के उपरांत कथा स्थल पर मुख्य व्यास गद्दी पर पधारे कथा व्यास विनीता भारद्वाज ने विधिविधान से पूजन अर्चना कराई गईं । कथा के प्रथम दिन कथा व्यास विनीता भारद्वाज ने भागवत महात्म्य का वर्णन करते हुए धुंधकारी की कथा सुनाई। उन्होंने बताया कि किस प्रकार कुसंगति के कारण धुंधकारी प्रेत योनि में चला गया और श्रीमद् भागवत कथा के श्रवण मात्र से उसका उद्धार हुआ। भागवताचार्य ने कहा कि भागवत कथा साक्षात भगवान का रूप है, जो मनुष्य के जीवन को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाती है। धार्मिक अनुष्ठान को संपन्न कराने में मुख्य रूप से यज्ञपति मास्टर चंदन सिंह कुशवाहा, महादेवी और परीक्षित राजकुमार कुशवाहा, देवकोर देवीं ने मुख्य भूमिका निभाई। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रीय भक्तजन और ग्रामीण मौजूद रहे, जिन्होंने कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ कमाया।
MANOJ VAISHYA


