मिशन शक्ति फेज 5.0 का आगाज, अध्यक्ष जिला पंचायत ने मेधावियों को किया सम्मानित
संवाददाता कपिल मिश्रा
हरदोई। ‘मिशन शक्ति’ अभियान के अंतर्गत मंगलवार को जिला प्रशासन द्वारा गांधी भवन में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मिशन शक्ति फेज 5.0 के द्वितीय चरण का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती पीके वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान मेधावी छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत के जरिए अतिथियों का अभिनंदन किया।
नारी की प्रगति ही समाज की उन्नति का मापदंड: प्रेमावती
समारोह को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति इस बात से तय होती है कि वहां महिलाओं की स्थिति कैसी है। उन्होंने जोर देकर कहा, “जब नारी सुरक्षित, शिक्षित और आत्मनिर्भर होती है, तभी एक सशक्त समाज का निर्माण संभव है।” उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मिशन शक्ति के पिछले चरणों ने महिलाओं में अपने अधिकारों के प्रति नई चेतना जागृत की है। फेज 5.0 में अब सुरक्षा के साथ-साथ आत्मनिर्भरता, सम्मान और नेतृत्व क्षमता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं सम्मानित
संबोधन के उपरांत मुख्य अतिथि ने जनपद में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला पुलिसकर्मियों, शिक्षिकाओं और प्रतिभावान छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि नारी सशक्तिकरण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति का नैतिक कर्तव्य है।
”मिशन शक्ति अब केवल एक अभियान नहीं, बल्कि महिलाओं के स्वावलंबन और सुरक्षा का एक मजबूत आधार बन चुका है।”
— प्रेमावती पीके वर्मा, अध्यक्ष जिला पंचायत
प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
समारोह के दौरान जिलाधिकारी अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर अंकित मिश्रा सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति और स्कूली छात्राएं उपस्थित रहीं। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी शासन द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने की अपील की।
Kapil Mishra
