बिलग्राम में गैस संकट गहराया, बुकिंग के 15–20 दिन बाद भी नहीं मिल रहा सिलेंडर

रात एक बजे से एजेंसी के बाहर लग रही लाइनें, उपभोक्ताओं में रोष
उत्तम हिंदुस्तान संवाददाता फारूक कुरैशी
बिलग्राम (हरदोई)। नगर में रसोई गैस की वितरण व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। बुकिंग कराने के 15 से 20 दिन बाद भी उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे लोगों के सामने रसोई का संकट खड़ा हो गया है। हालात यह हैं कि उपभोक्ता खाली सिलेंडर लेकर रात एक बजे से ही गैस एजेंसी के बाहर लाइन में लगकर सिलेंडर का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन कई घंटे इंतजार के बाद भी उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि मिस कॉल से बुकिंग और होम डिलीवरी के दावे केवल कागजों तक सीमित रह गए हैं। डीएससी नंबर आने के बावजूद भी सिलेंडर के लिए एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। मां इंदिरा इंडियन गैस सर्विस बिलग्राम पर केवाईसी के नाम पर लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं। उपभोक्ताओं को पहले पर्ची कटवाने के लिए लाइन में लगना पड़ता है और पर्ची पर 10 से 15 दिन बाद की तारीख लिख दी जाती है। जब उपभोक्ता तय तारीख पर गैस एजेंसी के गोदाम पहुंचते हैं तो वहां भी उन्हें लंबी लाइन में खड़ा होना पड़ता है। इसके बावजूद कई बार गैस की गाड़ी न आने का हवाला देकर उन्हें खाली सिलेंडर लेकर घर वापस जाना पड़ता है। सोमवार और मंगलवार को दिन-रात एजेंसी के बाहर लंबी कतारें देखने को मिलीं।
स्थानीय निवासी राहुल, सलीम और मोहम्मद नौशाद ने बताया कि उन्होंने 23 तारीख को बुकिंग कराई थी। इसके बावजूद चार दिनों से रात 1 बजे से लाइन में लग रहे हैं, लेकिन अब तक सिलेंडर नहीं मिला। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सिलेंडर आ कहां रहे हैं और जा कहां रहे हैं। लोगों ने कालाबाजारी की आशंका भी जताई है और तहसील प्रशासन से जांच की मांग की है। स्थिति इतनी खराब हो गई है कि रात के समय महिलाओं को भी लाइन में खड़े होकर सिलेंडर का इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं जिन परिवारों में शादी-विवाह का कार्यक्रम है, उनके सामने सबसे बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है। लोगों का कहना है कि शादी के लिए कई सिलेंडरों की जरूरत होती है, लेकिन समय पर गैस न मिलने से तैयारियां प्रभावित हो रही हैं। हालांकि शासन स्तर पर सभी डिस्ट्रीब्यूटरों को घर-घर होम डिलीवरी करने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद उपभोक्ताओं को गैस के लिए लाइन में लगना पड़ रहा है। नगरवासियों ने प्रशासन से जल्द व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
Sudhir Gangwar

