सिकदंराराऊ के सम्पूर्ण समाधान दिवस में आई 73 शिकायतें, 4 का मौके पर निस्तारण, डीएम-एसपी ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा के साथ तहसील सिकंदराराऊ में जनसुनवाई करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य जनसमस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान करना है। उन्होंने एक-एक कर फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर बुलाकर तत्काल निस्तारण अथवा भूमि विवाद जैसे मामलों में सभी पक्षों की उपस्थिति में स्थलीय निरीक्षण कर समाधान के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एक ही समस्या के बार-बार प्रस्तुत होने या समय से कार्रवाई न करने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने गर्मी के मौसम को देखते हुए अधिकारियों को पेयजल एवं छाया व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्यालयों में पशु-पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था, फरियादियों के लिए छाया व पेयजल, तथा सार्वजनिक स्थलों पर पानी टंकियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए।
तहसील सिकंदराराऊ में आयोजित समाधान दिवस में कुल 73 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतें संबंधित विभागों को भेजकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में तहसील हाथरस में 82 में से 5, सादाबाद में 28 में से 2 तथा सासनी में 54 में से 4 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप जिलाधिकारी, पुलिस व राजस्व सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Jitendra

