हाय हाय रे समस्या : हाथरस की बलराम कालोनी में सड़क अधूरी, शिकायत पूरी…पानी सडक और सफाई संकट मे, फिर भी नहीं जागा प्रशासन, लोगों की नगरपालिका से सीएम पोर्टल तक गुहार, बलराम कालोनी के लोग बेहाल

0
1003819779-0.jpg
Spread the love

1003819721-2.jpg 1003819780-1.jpg 1003819779-0.jpg

 

हाथरस नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर 13 स्थित बलराम कालोनी और आसपास के इलाके बदहाल व्यवस्थाओं का दर्द झेल रहे हैं। सड़क, पानी, बिजली और सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए लोग महीनों से अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा। हालात ऐसे हैं कि नगरपालिका से लेकर जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री पोर्टल तक शिकायतें पहुंच चुकी हैं, फिर भी जिम्मेदारों की नींद नहीं टूटी।
कालोनी में करीब 20 मीटर लंबी कच्ची गली पिछले दो महीने से अधूरी पड़ी हुई है। स्थानीय निवासी अखिलेश अग्रवाल का कहना है कि रामगोपाल के मकान से लेकर उनके मकान तक सड़क निर्माण कार्य बीच में ही रोक दिया गया। छोटी सी गली कच्ची होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि कई शिकायतों के बावजूद अधिकारियों ने सड़क निर्माण की झूठी रिपोर्ट लगाकर मामला निपटाने की कोशिश की।
बलराम कालोनी और तरफरा रोड क्षेत्र में पेयजल संकट भी गहराता जा रहा है। लोगों का कहना है कि इलाके में पानी की समुचित व्यवस्था नहीं है। वहीं बिजली व्यवस्था भी बदहाल है। कई स्थानों पर पोल तक नहीं लगे हैं और केबल बांस-बल्लियों के सहारे लटक रही हैं, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों ने सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। गणेश मंदिर और तरफरा रोड के आसपास जलभराव की समस्या वर्षों से बनी हुई है। बारिश के दिनों में हालात और बदतर हो जाते हैं और लोगों का निकलना तक मुश्किल हो जाता है। स्ट्रीट लाइट खराब होने से रात में अंधेरा पसरा रहता है।
लोगों का कहना है कि हर बार यही जवाब मिलता है कि बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पास होने के बाद ही सड़क बनेगी। लेकिन आखिर यह प्रस्ताव कब पास होगा और लोगों को राहत कब मिलेगी, इसका जवाब किसी के पास नहीं है। बलराम कालोनी निवासी अखिलेश अग्रवाल का कहना है कि सड़क बनाने के लिए पालिका से लेकर मुख्यमंत्री तक शिकायत की गई। पांच शिकायतों पर तो झूठी रिपोर्ट लगाकर भेज दी गई। कोई सुनवाई नहीं हो रही है। रेखा गर्ग का कहना है कि बिजली के पोल नहीं होने से केबल बांस व बल्लियों पर झूल रही हैं। जमीन तक लटकी हुई इन केबल में आए दिन फाल्ट होते रहते हैं। लवकुशनगर कालोनी निवासी ओमवती का कहना है कि बलराम कालोनी में 20 मीटर तक का मार्ग कच्चा छोड़ दिया गया है। लवकुशनगर में सड़क, पानी व सफाई सहित जनसमस्याओं के अंबार लगे हुए है। बलराम कालोनी निवासी गोपाल कुशवाह का कहना है कि यह मार्ग कई सालों से कच्चा पड़ा हुआ है। बारिश के दिनों में यहा जलभराव हो जाता है, जिससे परेशानी होती है। समस्या का कोई निराकरण नहीं हो रहा है। हरीश चन्द्र राठौर का कहना है कि जीना मुश्किल हो रखा है रास्ते से निकलना भी दुश्वार हो जाता है हम तो शिकायत कर करके थक चुके हैं, अब तो समस्या से ही जूझना पडेगा।

 

 

रिपोर्ट – जितेन्द्र कुमार संवाददाता हाथरस

Jitendra

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed