हाथरस में तानसेन पान मसाला के वजन में कमी का आरोप, कंपनी को विधिक नोटिस, पैकिंग पर 15 ग्राम, वास्तविक वजन 11 ग्राम का दावा नोटिस के अनुसार पैकेट, 23 जनवरी 2026 को हुई थी खरीदारी, धोखाधड़ी और गलत ब्रांडिंग का आरोप

हाथरस। जिले में सुगंधित पान मसाला के पैकेट के वजन में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। इस संबंध में एक उपभोक्ता की ओर से कंपनी और दो स्थानीय दुकानदारों को विधिक नोटिस भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपभोक्ता सुशीलकांत गुप्ता (निवासी मधुगढ़ी, हाथरस) ने आरोप लगाया है कि उन्होंने 23 जनवरी 2026 को हाथरस स्थित बिहारीजी प्रोवीजन स्टोर से “तानसेन ब्लूज” सुगंधित पान मसाला का एक पाउच खरीदा था, जिस पर 12.5 ग्राम + 2.5 ग्राम (कुल 15 ग्राम) वजन अंकित था तथा कीमत 18 रुपये दर्ज थी।
नोटिस में यह भी दावा किया गया है कि कुछ अन्य पाउचों के वजन की जांच करने पर उनका वास्तविक वजन 11 ग्राम पाया गया, जबकि पैकिंग पर निर्धारित वजन अधिक दर्शाया गया था। आरोप है कि यह उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी और गलत ब्रांडिंग का मामला है।
उपभोक्ता की ओर से पहले भी 24 फरवरी 2026 को ईमेल और रजिस्ट्री के माध्यम से कंपनी को नोटिस भेजा गया था, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब न मिलने पर अब कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
यह नोटिस अधिवक्ता मनोज आंधीवाल द्वारा जिला एवं सत्र न्यायालय, हाथरस से भेजा गया है। नोटिस में कंपनी, दिल्ली स्थित कार्यालय और संबंधित दुकानदारों को पक्षकार बनाया गया है।
मामले में कंपनी या संबंधित पक्षों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Jitendra



