हाथरस की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब: महाराणा प्रताप जयंती पर निकली भव्य और ऐतिहासिक शोभायात्रा, 4 से 5 हजार श्रद्धालु, युवा और समाजसेवी शामिल हुए।

हाथरस। शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती पर शनिवार को हाथरस शहर के इतिहास की सबसे भव्य शोभायात्राओं में से एक का आयोजन किया गया। क्षत्रिय महासभा के तत्वावधान में निकली इस विशाल शोभायात्रा में करीब 4 से 5 हजार श्रद्धालु, युवा और समाजसेवी शामिल हुए। पूरा शहर केसरिया रंग में रंगा दिखाई दिया और ‘जय महाराणा प्रताप’ के उद्घोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा।
केसरिया ध्वजों और ढोल-नगाड़ों से गूंजा शहर :
शोभायात्रा का शुभारंभ गौशाला रोड से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। यात्रा में सबसे आगे ऊंट और घोड़ों का काफिला चल रहा था, जिसने लोगों को प्राचीन राजसी वैभव की याद दिला दी। नासिक से आए प्रसिद्ध ढोल दल की दमदार प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। ढोल की थाप पर युवाओं ने जमकर उत्साह दिखाया। वहीं डमरू दल और राजस्थान के पारंपरिक नगाड़ों ने भी माहौल को भक्तिमय और जोशीला बना दिया।
वीर महापुरुषों की झांकियों ने मोहा मन :
शोभायात्रा में महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज और पृथ्वीराज चौहान की सजीव झांकियां निकाली गईं। पारंपरिक वेशभूषा में सजे युवाओं ने बाइक रैली के जरिए समाज के शौर्य और संस्कृति का प्रदर्शन किया। यात्रा मार्ग को भगवा पताकाओं और भव्य स्वागत द्वारों से सजाया गया था, जिससे पूरा शहर उत्सवमय नजर आया।
जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत :
शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती इस शोभायात्रा का स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने पुष्प वर्षा और जलपान कर भव्य स्वागत किया। बागमुला, भूरापीर चौराहा, मेंडू गेट चौराहा, सर्कुलर रोड, पंजाबी मार्केट, घंटाघर, ब्रजवाले कुआं, परसट्टा बाजार और नएगंज सहित कई स्थानों पर लोगों ने पलक-पावड़े बिछाकर यात्रा का स्वागत किया। पूरे मार्ग पर सामाजिक एकता और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला।
कार्यक्रम में जुटीं राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां :
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान, ब्रज क्षेत्र महामंत्री नागेंद्र सिकरवार, सांसद अनूप प्रधान, सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर और एमएलसी मानवेंद्र सिंह गुरुजी मौजूद रहे। शोभायात्रा के अध्यक्ष अनिल सिसोदिया ने सभी अतिथियों और समाज के लोगों का माला पहनाकर स्वागत किया।
इसके अलावा पूर्व विधायक सुरेश प्रताप गांधी, यशपाल सिंह चौहान, राजवीर सिंह पहलवान, पूर्व एमएलसी राकेश सिंह राणा, भीकम सिंह चौहान, हेमंत सेंगर, मतेंद्र सिंह गहलोत, संदीप सिसौदिया, गोविंद सिंह चौहान और सिद्धांत सिसौदिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
दाऊजी महाराज मंदिर पर हुआ समापन :
यह विशाल शोभायात्रा शहर के विभिन्न हिस्सों से गुजरते हुए श्री दाऊजी महाराज मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। समापन पर भगवान की आरती उतारी गई और श्रद्धालुओं के बीच विशाल प्रसादी का वितरण किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शोभायात्रा के कोषाध्यक्ष नरेश प्रधान, मीडिया प्रभारी गोविंद सिंह चौहान सहित हजारों कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा। वक्ताओं ने समाज को एकजुट रहने और महापुरुषों के आदर्शों पर चलने का संकल्प दिलाया।
Jitendra



