मारपीट व धमकी के मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, पीड़ित ने एसपी से लगाई गुहार, सीसीटीवी फुटेज हटाने और पुलिस पर मिलीभगत के आरोप, परिवार की सुरक्षा को बताया खतरा

हाथरस। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र में दर्ज एक गंभीर आपराधिक मामले में शेष फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से लिखित शिकायत कर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का आरोप है कि मामले में शामिल कुछ आरोपी अभी भी खुलेआम घूम रहे हैं और उसे तथा उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं, जिससे पूरा परिवार भय के माहौल में जी रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी विजेन्द्र सिंह पुत्र स्व. लालाराम, निवासी ओढपुरा थाना हाथरस गेट ने एसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया है कि थाना हाथरस गेट में दर्ज मुकदमा संख्या 180/2026 धारा 191(2), 109(1), 115(2), 352, 126(2) बीएनएस के अंतर्गत प्रेमबाबू, अतुल, वृजेश, मयंक, कुलदीप एवं अन्य अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था।
पीड़ित का कहना है कि इस मामले में अभियुक्त प्रेमबाबू और वृजेश को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, लेकिन शेष आरोपी अभी भी फरार हैं। आरोप है कि फरार अभियुक्त लगातार पीड़ित पर समझौते का दबाव बना रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
प्रार्थना पत्र में यह भी गंभीर आरोप लगाया गया है कि घटना स्थल का सीसीटीवी फुटेज संबंधित हल्का इंचार्ज से साठगांठ कर हटवा दिया गया, जिससे जांच प्रभावित हो सकती है। इस स्थिति से पीड़ित और उसका परिवार अत्यंत भयभीत है।
पीड़ित विजेन्द्र सिंह ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले में फरार चल रहे सभी अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित पक्ष को सुरक्षा मिल सके और निष्पक्ष जांच आगे बढ़ सके।
पीड़ित ने प्रशासन से न्यायहित में त्वरित कार्रवाई की अपील की है।
Jitendra


