अग्निपीडितों की मदद को आगे आए पूर्व विधायक आसिफ खान बब्बू, किसानों को सौंपी सहायता राशि

संवाददाता कपिल मिश्रा
शाहाबाद, हरदोई। तहसील क्षेत्र के ग्राम पारा में पिछले दिनों आग की विभीशिका ने किसानों की साल भर की मेहनत को चंद मिनटों में राख कर दिया। लगभग 25 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल जल जाने से किसान परिवार गहरे सदमे में हैं। इस दुख की घड़ी में पूर्व विधायक आसिफ खान बब्बू ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए मदद के हाथ बढ़ाए हैं। उन्होंने प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनके आंसू पोंछने का प्रयास किया।
25 एकड़ फसल हुई थी खाक
बता दें कि बीते 14 अप्रैल को ग्राम पारा में भीषण आग लग गई थी। इस अग्निकांड में किसान पप्पू सिंह उर्फ बलविंदर सिंह की 15 एकड़, कुलदीप सिंह की 4 एकड़, सुखबिंदर सिंह की 4 एकड़ और धनराज की सात बीघा फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई थी। फसल की बर्बादी से इन किसानों के सामने परिवार के भरण-पोषण और भविष्य का संकट खड़ा हो गया था।
आवास पर बुलाकर सौंपा चेक
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक आसिफ खान बब्बू ने तत्काल पीड़ित किसानों से संपर्क किया और उनके खेतों पर जाकर नुकसान का जायजा लिया। किसानों का ढांढस बंधाते हुए उन्होंने हर संभव मदद का आश्वासन दिया था। इसी क्रम में उन्होंने अपने आवास पर पीड़ित किसानों को आमंत्रित किया। पूर्व विधायक ने किसानों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें सहायता के रूप में एक लाख रुपये का चेक प्रदान किया।
’किसानों का दुख मेरा अपना दुख’
इस अवसर पर आसिफ खान बब्बू ने कहा कि किसान अन्नदाता है और उसकी मेहनत की फसल जलना पूरे समाज के लिए क्षति है। उन्होंने कहा, “यह एक छोटा सा प्रयास है ताकि पीड़ित परिवारों को इस संकट से उबरने में थोड़ी मदद मिल सके। दुख की इस घड़ी में मैं और मेरे साथी पूरी तरह किसानों के साथ खड़े हैं।” इस मानवीय पहल की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।
Kapil Mishra

