विकसित भारत की नई हस्तरेखा बना गंगा एक्सप्रेसवे

0
1010946239.jpg
Spread the love

1010946239.jpg

प्रधानमंत्री हरदोई से देश के सबसे लंबे ग्रीन कॉरिडोर एक्सप्रेसवे का लोकार्पण

उत्तम हिंदुस्तान ब्यूरो हरदोई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को मल्लावां क्षेत्र में देश के सबसे लंबे ग्रीन कॉरिडोर गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे विकसित होते भारत की नई हस्तरेखा है और यह उत्तर प्रदेश के विकास की नई लाइफलाइन साबित होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि जैसे मां गंगा सदियों से देश और उत्तर प्रदेश की जीवन रेखा रही हैं, उसी प्रकार यह एक्सप्रेसवे आधुनिक विकास का नया माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि अब लोग कुछ ही घंटों में प्रयागराज संगम और काशी तक पहुंच सकेंगे। पीएम ने एक्सप्रेसवे का नाम मां गंगा के नाम पर रखे जाने को प्रदेश सरकार की सांस्कृतिक सोच और विकासवादी दृष्टिकोण का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि दिसंबर 2021 में शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेसवे का शिलान्यास किया गया था और पांच वर्ष से कम समय में इसका निर्माण पूरा कर लोकार्पण कर दिया गया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार केवल शिलान्यास नहीं करती, बल्कि तय समय में परियोजनाओं को पूरा भी करती है। उन्होंने बताया कि जल्द ही गंगा एक्सप्रेसवे का विस्तार मेरठ से हरिद्वार तक किया जाएगा और फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे के माध्यम से इसे अन्य प्रमुख मार्गों से भी जोड़ा जाएगा। करीब 600 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे से पश्चिमी, मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के 12 जिलों को सीधा लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे किसानों को अपनी उपज बड़े बाजारों तक पहुंचाने में आसानी होगी, कोल्ड स्टोरेज और लॉजिस्टिक्स सुविधाओं का विस्तार होगा तथा कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किए जा रहे हैं, जिससे हरदोई, शाहजहांपुर, उन्नाव समेत कई जिलों में नए उद्योग स्थापित होंगे। फार्मा, टेक्सटाइल और एमएसएमई सेक्टर को बढ़ावा मिलेगा तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि मेरठ की स्पोर्ट्स इंडस्ट्री, संभल का हस्तशिल्प, बुलंदशहर के सिरेमिक, हरदोई का हैंडलूम, उन्नाव का लेदर और प्रतापगढ़ के आंवला उत्पाद अब देश-दुनिया के बड़े बाजारों तक पहुंच सकेंगे। श्री मोदी ने कहा कि कभी पिछड़े और बीमारू राज्य की पहचान रखने वाला उत्तर प्रदेश आज एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज यूपी देश में सबसे ज्यादा एक्सप्रेसवे वाला प्रदेश बन चुका है और यहां 21 एयरपोर्ट तथा पांच अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट संचालित हो रहे हैं। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था और औद्योगिक विकास का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डिफेंस कॉरिडोर और सेमीकंडक्टर परियोजनाओं के माध्यम से नई औद्योगिक क्रांति की शुरुआत हो रही है। ब्रह्मोस मिसाइल जैसी रक्षा परियोजनाओं का निर्माण भी यूपी में हो रहा है, जिससे एमएसएमई सेक्टर को बड़ा लाभ मिल रहा है। कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं बृजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, वित्तमंत्री सुरेश खन्ना समेत कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Ashok Dwivedi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed