अवैध टैक्सी स्टैंड बना जनता के लिए सिरदर्द, बिना परमिट दौड़ रहीं सैकड़ों गाड़ियां

अवैध टैक्सी स्टैंड बना जनता के लिए सिरदर्द, बिना परमिट दौड़ रहीं सैकड़ों गाड़ियां
ब्यूरो चीफ : बिजनौर
किरतपुर। छितावर रोड पर बना अवैध टैक्सी स्टैंड इन दिनों स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। आरोप है कि यहां बिना परमिट सैकड़ों टैक्सियां संचालित हो रही हैं, जिससे न सिर्फ यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है बल्कि लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस अवैध स्टैंड पर दिनभर ड्राइवरों का जमावड़ा लगा रहता है। कई बार ड्राइवरों के बीच शराब के नशे में आपसी झगड़े भी होते हैं, जिससे आसपास के लोगों में भय का माहौल बना रहता है। राहगीरों और दुकानदारों को आए दिन असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
नागरिकों अभिषेक, मोनू, महफूज, हुक्म और शारिक ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस पूरे मामले में संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत से इनकार नहीं किया जा सकता। उनका कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अविलंब कार्रवाई करते हुए अवैध टैक्सी स्टैंड को बंद कराने और बिना परमिट चल रही गाड़ियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जा सके।
A K

