महिलाओं को दी गई हेल्पलाइन व योजनाओं की जानकारी

हरदोई। उत्तर प्रदेश सरकार की मंशानुसार मंगलवार को कम्युनिटी पुलिसिंग एवं महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “मिशन शक्ति” विशेष अभियान फेज-05 के द्वितीय चरण के तहत कोतवाली शहर क्षेत्र के गांधी भवन में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई। उपस्थित महिलाओं, छात्राओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा व बचाव से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।
इस दौरान हेल्पलाइन नंबर 1090, 112, 1076, 1098 और 108 के बारे में विस्तार से बताया गया तथा संकट की स्थिति में इनके उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में महिला हेल्प डेस्क की भूमिका, कानूनी प्रावधानों और महिला सुरक्षा से जुड़े उपायों पर भी प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने प्रतिभाग कर महिलाओं को मिशन शक्ति के उद्देश्य—नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन—के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर महिला पुलिसकर्मियों और छात्राओं को सम्मानित भी किया गया।
Sudhir Gangwar

