संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता हुई लापता, रिपोर्ट दर्ज

संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता हुई लापता, रिपोर्ट दर्ज
लखनऊ। बिजनौर थाना क्षेत्र से सोमवार को एक विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक बिजनौर के ओमेक्स सिटी निवासी व हरदोई में लेखपाल पद पर तैनात रोहित यादव की 23 वर्षीया पत्नी शिवा सोमवार दोपहर घर से बिना बताए कहीं चली गई। परिजनों ने आसपास उसकी तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। इसके बाद परिचितों और रिश्तेदारों के यहां उसके बारे में जानकारी की, लेकिन कहीं भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। जिसके बाद उन्होंने बिजनौर थाने में मामले की सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की तो सीसीटीवी फुटेज में वह सोमवार दोपहर बाद बिजनौर स्थित शीतला मंदिर के पास जाती हुई नजर आई। पुलिस का कहना है कि परिजनों ने बताया कि कुछ दिनों से उसका मानसिक संतुलन गड़बड़ चल रहा है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के सहारे उसकी तलाश कर रही है।
Ashok Dwivedi

