हाथरस में 390 आरक्षियों की पासिंग आउट परेड, नई ऊर्जा के साथ पुलिस सेवा में शामिल मुख्य अतिथि आशीष तिवारी ने ली सलामी, उत्कृष्ट कैडेट हुए सम्मानित

हाथरस। रिजर्व पुलिस लाइन में रविवार को दीक्षांत परेड (पासिंग आउट परेड) समारोह 2025-26 का भव्य आयोजन किया गया। परेड में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 390 प्रशिक्षु आरक्षी सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण कर पुलिस सेवा में शामिल हुए। समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस उप महानिरीक्षक (तकनीकी सेवाएं) आशीष तिवारी रहे, जिन्होंने परेड की सलामी ली और प्रशिक्षुओं के प्रदर्शन की सराहना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह परेड कमांडर द्वारा टुकड़ियों को परेड स्थल पर लाने के साथ हुआ। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण कर आरक्षियों की वर्दी, अनुशासन और तालमेल की प्रशंसा की। प्रशिक्षुओं ने शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
समारोह के दौरान Yogi Adityanath के संबोधन का लाइव प्रसारण भी किया गया। उन्होंने पुलिस बल को आधुनिक, संवेदनशील और अपराध के प्रति सख्त बनने का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि आशीष तिवारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु आरक्षियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। सर्वांग सर्वोत्तम कैडेट का पुरस्कार पवनीश कुमार को मिला, जबकि आंतरिक विषयों में दीपांशु और बाह्य विषयों में जौनी चौहान प्रथम रहे।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पुलिस का कार्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज में सुरक्षा और विश्वास कायम करना भी है। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने आरक्षियों को सेवा में अनुशासन, विनम्रता और जिम्मेदारी बनाए रखने की सलाह दी।
प्रशिक्षण के दौरान आरक्षियों को शारीरिक दक्षता, ड्रिल, कानून, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, आपदा प्रबंधन और आधुनिक तकनीकी उपकरणों के उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया।
समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद नवआरक्षियों ने देश की एकता, अखंडता और संविधान की रक्षा करने की शपथ ली। कार्यक्रम में मौजूद परिजनों ने भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता की सराहना करते हुए गर्व और खुशी व्यक्त की।
