चांदपुर में मिशन शक्ति के तहत निकाली जागरूकता रैली, महिलाओं को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
उत्तम हिंदुस्तान ब्यूरो बिजनौर
चांदपुर। मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत गुरुवार को थाना चांदपुर पुलिस की ओर से महिला सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके तहत जगमीत मेडिकल कॉलेज, ग्राम बबनपुरा की छात्राओं और नगर की संभ्रांत महिलाओं की सहभागिता में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
रैली का शुभारंभ थाना चांदपुर परिसर से हुआ। इसमें छात्राओं, शिक्षकों और पुलिसकर्मियों ने भाग लिया। रैली वैदिक कन्या इंटर कॉलेज, ढाली बाजार, नेहरू मूर्ति, कराल फाटक और बाईपास रोड से होते हुए वापस थाना पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में महिला सुरक्षा, सम्मान और साइबर सुरक्षा से संबंधित नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान महिलाओं को 1090 महिला हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा और 1930 साइबर हेल्पलाइन के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने साइबर अपराधों से बचाव के उपाय भी बताए। उन्होंने अपील की कि छेड़छाड़, उत्पीड़न या साइबर अपराध की स्थिति में पीड़ित महिलाएं बिना किसी संकोच के पुलिस से संपर्क करें और अपनी शिकायत दर्ज कराएं।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी देश दीपक, थाना प्रभारी, मिशन शक्ति प्रभारी जया, पूर्व विधायक कमलेश सैनी,
डॉ. भूपेंद्र सिंह, विकास गुप्ता, सौरभ अग्रवाल आदि महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी तथा क्षेत्र के संभ्रांत और गणमान्य व्यक्ति शामिल रहे।