शादी समारोह से लौट रहे ई-रिक्शा पर ताबड़तोड़ फायरिंग, 10 वर्षीय बच्ची के पैर में लगी गोली; एक बाल अपचारी हिरासत में

मझिला, हरदोई। थाना मझिला क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब शादी समारोह से वापस लौट रहे एक ई-रिक्शा पर बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में 10 वर्षीय एक बच्ची के पैर में गोली लग गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल बच्ची को उपचार के लिए सीएचसी पिहानी में भर्ती कराया है। इस मामले में पुलिस ने एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया है।
फर्रुखाबाद के कादरी गेट निवासी गुड्डू की 10 वर्षीय पुत्री आयूषी अपने भाई और माता के साथ आठ दिन पूर्व थाना मझिला क्षेत्र के ग्राम पारा स्थित अपने नाना राजबहादुर के यहां शादी समारोह में शामिल होने आई थी। शुक्रवार (24 अप्रैल 2026) की सुबह परिवार के सदस्य ई-रिक्शा से वापस अपने घर फर्रुखाबाद जा रहे थे।
परिजनों के अनुसार, जैसे ही ई-रिक्शा थाना मझिला क्षेत्र के लोकपुर गांव के पास पहुँचा, पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन अज्ञात बदमाशों ने उन पर फायर झोंक दिया। गोली सीधे ई-रिक्शा में बैठी 10 वर्षीय आयूषी के पैर में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल बच्ची को सीएचसी पिहानी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने बताया कि बच्ची का इलाज चल रहा है और वह खतरे से बाहर है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। थाना पुलिस के अनुसार, इस घटना में संलिप्त एक बाल अपचारी को हिरासत में ले लिया गया है। पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच बारीकी से कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही घटना में शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Kapil Mishra

