जब खाकी ने थामा आर्थिक स्थिति से कमजोर बच्चों के सपनों का हाथ, चंदपा पुलिस की पहल से शिक्षा की राह पर बढ़े 10 बच्चे मानवता, संवेदनशीलता और समाज सेवा की मिसाल बनी पुलिस

जनपद हाथरस के थाना चंदपा पुलिस ने कानून व्यवस्था की जिम्मेदारियों से आगे बढ़कर समाज सेवा और मानवता की एक प्रेरणादायी मिसाल पेश की है। थानाध्यक्ष चंदपा योगेश सिंह के नेतृत्व में आर्थिक रूप से कमजोर एवं शिक्षा से वंचित 10 बच्चों का माध्यमिक विद्यालय चंदपा में प्रवेश कराकर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा गया।
थाना पुलिस टीम ने ऐसे बच्चों की पहचान की, जो आर्थिक तंगी, पारिवारिक परिस्थितियों अथवा जागरूकता के अभाव में विद्यालय नहीं जा पा रहे थे। पुलिस टीम ने बच्चों के अभिभावकों से संवाद स्थापित कर उन्हें शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया और विद्यालय प्रशासन के सहयोग से सभी बच्चों का विधिवत प्रवेश कराया।
इस अवसर पर बच्चों को कॉपी, पेन सहित अन्य शिक्षण सामग्री भी वितरित की गई। साथ ही उन्हें नियमित रूप से विद्यालय जाने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस टीम ने अभिभावकों से भी बच्चों को शिक्षा से वंचित न रखने की अपील की।
क्षेत्रीय नागरिकों और अभिभावकों ने पुलिस की इस मानवीय पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे समाज सेवा, संवेदनशीलता और मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। लोगों का कहना है कि चंदपा पुलिस का यह प्रयास समाज में सकारात्मक संदेश देने वाला है और इससे अन्य लोग भी जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा के लिए आगे आने को प्रेरित होंगे।
पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा ने थाना चंदपा टीम के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलिस विभाग समाज के प्रत्येक वर्ग की सुरक्षा, सहयोग एवं कल्याण के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि “शिक्षित समाज ही विकसित राष्ट्र की मजबूत नींव होता है तथा प्रत्येक बच्चे को शिक्षा का अवसर मिलना अत्यंत आवश्यक है।”
हाथरस पुलिस की यह पहल शिक्षा, संवेदनशीलता और जनविश्वास की नई मिसाल बनकर उभरी है, जिससे जरूरतमंद बच्चों के सपनों को नई दिशा और नई उड़ान मिल रही है।
Jitendra

