ग्राम सठिया में 16 कुण्डीय ‘श्री हरिहरात्मक दिव्य महायज्ञ, कल से पूज्य गरुड़ जी महाराज सुनाएंगे श्रीराम चर्चा

ग्राम सठिया में 16 कुण्डीय ‘श्री हरिहरात्मक दिव्य महायज्ञ, कल से पूज्य गरुड़ जी महाराज सुनाएंगे श्रीराम चर्चा
सासनी । क्षेत्र के ग्राम सठिया में सनातन धर्म की प्राचीन ऋषि परंपरा को जीवंत रखने और विश्व कल्याण के उद्देश्य से सोमवार से सात दिवसीय भव्य 16 कुण्डीय ‘श्री हरिहरात्मक दिव्य महायज्ञ’ का विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भव्य शुभारंभ हो गया है। यज्ञ के दूसरे दिन मंगलवार को भी आहुतियों का दौर जारी रहा। यह पावन अनुष्ठान आगामी सात दिनों तक निरंतर चलेगा, जिसमें आहुति देने और कथा श्रवण के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। इस महायज्ञ में कुल 16 यज्ञ कुंड बनाए गए हैं, जहाँ अलग-अलग यजमानों द्वारा आहुतियां दी जा रही हैं। वहीं मुख्य यज्ञ कुंड पर प्रतिष्ठित विद्वान ब्राह्मणों और पूज्य ऋषियों द्वारा विशेष आहुतियां दिलवाई जा रही हैं। यज्ञ को पूर्ण शास्त्रीय पद्धति से संपन्न कराने के लिए श्रेष्ठ आचार्यों की देखरेख में अनुष्ठान शुरू हुआ है। अनंत विभूषित स्वामी यदुनानंद सरस्वती जी महाराज (जगतगुरु शंकराचार्य पीठ विकास संचालक) एवं कुंज बिहारी जी महाराज के मार्गदर्शन में यज्ञ गतिमान है। अनुष्ठान को आचार्य पंडित खगेन्द्र शास्त्री, यज्ञ आचार्य दीपक भारद्वाज एवं कृष्णकांत, लक्ष्य भारद्वाज और आकाश द्वारा संपन्न कराया जा रहा है।
महायज्ञ के मुख्य यजमान पूर्व प्रधान सुमित चौधरी हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में समस्त ग्रामवासियों के साथ-साथ सुमित बजरंगी, गांधी बाबा, शांतनु, शिशुपाल सिंह सहित भारी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्र के गणमान्य लोग तन-मन-धन से जुटे हुए है.यज्ञ समिति ने बताया कि जगतगुरु ब्रह्म ऋषि बाबा श्री गरुड़ जी महाराज (वैष्णव पीठाधीश्वर, प्रयागराज) की पावन सन्निधि में कल दिनांक 20 मई से प्रतिदिन दोपहर 3:00 बजे से ‘श्रीराम चर्चा’ और यज्ञ के महत्व पर विशेष व्याख्यान होगा। परम पूजनीय महाराज जी के मुखारविंद से प्रवाहित होने वाली इस ज्ञान गंगा को श्रवण करने के लिए समस्त ग्रामवासियों व क्षेत्रवासियों को आमंत्रित किया गया है। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर अपने जीवन को कृतार्थ करें।
MANOJ VAISHYA

