हाथरस: खाद के लेन-देन को लेकर किसान से मारपीट, बंधक बनाने और धमकी देने का आरोप

हाथरस: खाद के लेन-देन को लेकर किसान से मारपीट, बंधक बनाने और धमकी देने का आरोप
-पीड़ित ने प्रशासन से सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की लगाई गुहार
हाथरस जनपद के थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के ग्राम राजपुर निवासी सीताराम ने सादाबाद क्षेत्र के एक कोल्ड स्टोर संचालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित के अनुसार वर्ष 2023 में उसने शुक्ला कोल्ड स्टोर, दाऊजी रोड सादाबाद के मालिक रामू शुक्ला से 15 बैग डीएपी खाद और 70 किलो गेहूं का बीज खरीदा था।
सीताराम का कहना है कि वह कोल्ड स्टोर में आलू भी रखता है और उसकी कुछ धनराशि भी संचालक पर बकाया है। आरोप है कि जब हिसाब किया गया तो उससे प्रति बैग 1650 रुपये की दर से अधिक पैसे मांगे गए। पीड़ित के अनुसार, 18 जून 2024 को उसे ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित पकड़कर सादाबाद ले जाया गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई, कपड़े फाड़ दिए गए और उसे बंधक बनाकर रखा गया।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उसे मुकेश पंडित नामक व्यक्ति के यहां बंधक बनाकर रखा गया और बाद में स्थानीय जनप्रतिनिधि के हस्तक्षेप से छोड़ा गया। मामले में थाना सादाबाद में समझौते के दौरान 30,000 रुपये देने की बात तय हुई, जिसे विनय ठाकुर को दे दिया गया।
सीताराम का आरोप है कि इसके बावजूद रामू शुक्ला अपने साथियों और पुलिसकर्मियों के साथ निजी वाहन से उसके घर पहुंचकर परिवार को डराता-धमकाता है और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देता है। पीड़ित का कहना है कि वह पूरा हिसाब कर पैसे देने को तैयार है, लेकिन विपक्षी न तो सही बिल दे रहा है और न ही स्पष्ट हिसाब कर रहा है।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति बिना लाइसेंस के डीएपी खाद की बिक्री कर रहा है। खुद को और परिवार को खतरा बताते हुए उसने प्रशासन से सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
प्रशासन से मांग:
पीड़ित ने अधिकारियों से अनुरोध किया है कि उसे और उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए, मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोनों पक्षों के बीच सही हिसाब कराया जाए।
Jitendra

