बाबा साहब की शोभायात्रा को लेकर प्रशासन मुस्तैद

बाबा साहब की शोभायात्रा को लेकर प्रशासन मुस्तैद
, एसडीएम व कोतवाली प्रभारी ने आयोजन समिति के साथ की बैठक
सासनी. भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की आगामी 14 अप्रैल को आयोजित होने वाली जयंती और भव्य शोभायात्राओं को शांतिपूर्ण व सकुशल संपन्न कराने के लिए तहसील प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। रविवार को सासनी कोतवाली परिसर में उपजिलाधिकारी (SDM) नीरज शर्मा एवं प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार ने आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की। बैठक के दौरान एसडीएम नीरज शर्मा ने आयोजन समिति के सदस्यों से शोभायात्रा के रूट, समय और सुरक्षा इंतजामों के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शोभायात्रा जिन मार्गों से गुजरेगी, वहां साफ-सफाई और बिजली के लटकते तारों को ठीक कराने के निर्देश दिए गए.आयोजकों से अपील की गई कि वे वालंटियर्स की सूची प्रशासन को सौंपें ताकि समन्वय बना रहे। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि शोभायात्रा में बजने वाले गानों और नारों में मर्यादा का पालन किया जाए, जिससे आपसी सौहार्द न बिगड़े। प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था का खाका खींचते हुए कहा कि पुलिस बल शोभायात्रा के दौरान चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेगा। उन्होंने आयोजकों से अनुरोध किया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
एसडीएम नीरज शर्मा ने बताया की बाबा साहब का पर्व हम सभी के लिए गौरव का विषय है। प्रशासन का पूर्ण सहयोग समितियों के साथ है, बशर्ते नियमों का पालन हो और भाईचारा बना रहे। गोष्ठी में मौजूद आयोजन समिति के सदस्यों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि शोभायात्रा पूरी गरिमा और शांतिपूर्ण तरीके से निकाली जाएगी। बैठक में तहसील के अन्य अधिकारी, आयोजन समिति के अध्यक्ष, सचिव और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
MANOJ VAISHYA

