तालाब में डूबने से किसान की दर्दनाक मौत, मचा कोहराम

संवाददाता कपिल मिश्रा
शाहबाद। थानाक्षेत्र के सिकंदरपुर नरकतरा गांव में शनिवार की सुबह एक हृदयविदारक हादसा हो गया। तालाब के किनारे पैर फिसलने से एक किसान की गहरे पानी में डूबकर मौत हो गई। घटना के बाद से ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 58 वर्षीय किसान राजकुमार शनिवार सुबह करीब 5:00 बजे घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान, गांव के समीप स्थित तालाब के पास से गुजरते समय उनका पैर अचानक फिसल गया और वह पानी में जा गिरे। तालाब की गहराई अधिक होने के कारण वह स्वयं को बचा नहीं सके और डूबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जब सुबह 7:00 बजे तक राजकुमार घर नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई। अनहोनी की आशंका में उन्होंने खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान तालाब के पानी में उनका शव दिखाई दिया। ग्रामीणों और परिजनों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतक खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। प्रथम दृष्टया मामला तालाब में पैर फिसलकर डूबने का प्रतीत हो रहा है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Kapil Mishra

