चौथ वसूली मामले में डायरेक्टर ने पुलिस पर उठाए सवाल -आरोपी खुलेआम घूम रहे, पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी -उच्च अधिकारियों से शिकायत करने की तैयारी में निवेदिता मोहता -पुलिस जांच जारी, आपसी विवाद की भी आशंका

चौथ वसूली मामले में डायरेक्टर ने पुलिस पर उठाए सवाल
-आरोपी खुलेआम घूम रहे, पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी
-उच्च अधिकारियों से शिकायत करने की तैयारी में निवेदिता मोहता
-पुलिस जांच जारी, आपसी विवाद की भी आशंका
हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र स्थित श्री मोहता आयुर्वेद भवन की डायरेक्टर निवेदिता मोहता ने अपने साथ हुई कथित चौथ वसूली की घटना में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की है और सभी आरोपी खुलेआम बाहर घूम रहे हैं।
निवेदिता मोहता का कहना है कि ऐसे अपराधी किसी भी समय बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं, लेकिन पुलिस इस मामले में ढीला रवैया अपना रही है। उन्होंने कहा कि वह इस संबंध में उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगी और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग करेंगी।
गौरतलब है कि यह मामला हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र का है, जहां 8 अप्रैल को श्री मोहता आयुर्वेद भवन की फैक्ट्री में चार लोगों द्वारा कथित रूप से घुसकर पांच लाख रुपये की चौथ वसूली और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया था।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों में हर्ष शर्मा शामिल है, जो पहले कंपनी में एमआर के रूप में कार्यरत था। वह अपने तीन अन्य साथियों के साथ फैक्ट्री में पहुंचा और कथित रूप से रुपये की मांग की। विरोध करने पर निवेदिता मोहता और उनके पुत्र राजवंस मोहता को जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, हालांकि पुलिस का कहना है कि यह मामला आपसी पैसे के विवाद से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Jitendra


