क्योटरा अंडरब्रिज बंद, दो हिस्सों में बंटा शहर रेलवे स्टेशन और कचहरी रोड पर घंटों जाम,बिना वैकल्पिक व्यवस्था से लोग परेशान

क्योटरा अंडरब्रिज बंद, दो हिस्सों में बंटा शहर
रेलवे स्टेशन और कचहरी रोड पर घंटों जाम,बिना वैकल्पिक व्यवस्था से लोग परेशान
उत्तम हिंदुस्तान ब्यूरो बांदा
बांदा।क्योटरा अंडरब्रिज (अंडरपास) के बंद होने से शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।खासकर रेलवे स्टेशन और कचहरी रोड के आसपास भीषण जाम की स्थिति बनी हुई है,जिससे आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार,रेलवे प्रशासन ने अंडरपास पर निर्माण कार्य शुरू करते हुए इसे लगभग 45 दिनों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया है।बिना किसी वैकल्पिक मार्ग की ठोस व्यवस्था के अचानक बंदी से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ गई है।क्योटरा अंडरपास शहर के बड़े हिस्से को रेलवे स्टेशन और कचहरी से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है।इसके बंद होने से यातायात का सारा दबाव अन्य सड़कों पर आ गया है।रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं,जिससे यात्रियों को समय पर ट्रेन पकड़ने में परेशानी हो रही है।वहीं,ट्रैफिक को संकटमोचन और कचहरी ओवरब्रिज की ओर डायवर्ट किया गया है, लेकिन इन मार्गों पर क्षमता से अधिक वाहनों के कारण घंटों जाम लग रहा है।लोगों को कुछ मीटर की दूरी तय करने के लिए अब 2 से 3 किलोमीटर तक का चक्कर लगाना पड़ रहा है, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी हो रही है।अंडरपास बंद करने से पहले उचित सूचना और वैकल्पिक व्यवस्था न होने से आम जनता में नाराजगी है। यहां तक कि कुछ विभागीय अधिकारियों ने भी इस अचानक बंदी पर अनभिज्ञता जताई है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि अंडरपास का निर्माण कार्य सुरक्षा और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए इसे बंद करना आवश्यक था।प्रशासन ने लोगों से संकटमोचन ओवरब्रिज का उपयोग करने की अपील की है।हालांकि,मौजूदा हालात को देखते हुए यह समस्या अगले एक महीने से अधिक समय तक बनी रह सकती है,जब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता।
Ashok Dwivedi

