अधिवक्ता पर हमले के विरोध में कलमबंद हड़ताल , रविवार को हुई थी गोली मारकर हत्या की कोशिश , गिरफ्तारी न होने पर अधिवक्ताओं में आक्रोश

हाथरस। अधिवक्ता पर नकाबपोश बदमाशों द्वारा किए गए जानलेवा हमले के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर जिला बार एसोसिएशन में आक्रोश व्याप्त है। विरोध स्वरूप अधिवक्ताओं ने बुधवार को कलमबंद हड़ताल कर न्यायालय कार्य से विरत रहकर प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, बीते रविवार देर रात सादाबाद निवासी अधिवक्ता सचिन सिसोदिया पर उस समय हमला हुआ, जब वह अपने गांव रसगंवा से सादाबाद स्थित प्रकाश नगर स्थित आवास लौट रहे थे। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अधिवक्ता को उपचार के लिए सादाबाद स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते उन्हें आगरा रेफर कर दिया गया।
बताया गया है कि सचिन सिसोदिया सादाबाद बाह्य न्यायालय और हाथरस जिला एवं सत्र न्यायालय में प्रैक्टिस करते हैं। घटना के बाद से अधिवक्ताओं में भारी रोष है।
बुधवार को जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं ने कलमबंद हड़ताल कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही ‘अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम’ लागू किए जाने की मांग भी उठाई।
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए कड़े कानून की आवश्यकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
Jitendra


