सादाबाद में भूमाफियाओं पर कब्जे के गंभीर आरोप, कई मुकदमे लंबित, सीएम से कार्रवाई की मांग -प्रशासन की मिलीभगत का आरोप, करबन नदी किनारे निर्माण जारी

सादाबाद में भूमाफियाओं पर कब्जे के गंभीर आरोप, कई मुकदमे लंबित, सीएम से कार्रवाई की मांग
-प्रशासन की मिलीभगत का आरोप, करबन नदी किनारे निर्माण जारी
सादाबाद (जितेन्द्र कुमार)(हाथरस)। कस्बा सादाबाद क्षेत्र में करबन नदी किनारे स्थित नजूल भूमि पर कथित रूप से दबंग भूमाफियाओं द्वारा अवैध कब्जा और निर्माण का मामला सामने आया है। इस संबंध में स्थानीय निवासी सोनू पाराशर ने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, गाटा संख्या 1315 व 1316 (सीमा गाटा संख्या 951) मौजा सादाबाद की भूमि पर बिना नक्शा पास कराए और बिना अनुमति के भवन निर्माण किया जा रहा है। आरोप है कि एक इमारत तैयार हो चुकी है, जबकि अन्य निर्माण कार्य अभी भी जारी है।
बताया गया है कि उक्त भूमि को लेकर विभिन्न न्यायालयों में मामले विचाराधीन हैं, इसके बावजूद निर्माण कार्य रुक नहीं रहा। शिकायतकर्ता का आरोप है कि स्थानीय प्रशासन, राजस्व विभाग और पुलिस की मिलीभगत से भूमाफिया विवादित जमीन पर कब्जा करने में सफल हो रहे हैं। साथ ही लेखपाल पर भी आरोप लगाया गया है कि उन्होंने कार्रवाई करने के बजाय आरोपियों का सहयोग किया।
प्रार्थी ने आरोप लगाया कि संबंधित लोग स्वयं को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त बताते हुए प्रशासन पर दबाव बनाते हैं और विरोध करने वालों के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कराए जाते हैं। उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है और किसी अप्रिय घटना की स्थिति में कुछ नामित व्यक्तियों को जिम्मेदार ठहराया है। शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उच्च स्तरीय टीम गठित करने तथा अवैध कब्जा व निर्माण को तत्काल रुकवाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।
Jitendra


