कबाड़ी की दुकान पर मिला चोरी का माल, दो आरोपी पकड़े गए

कबाड़ी की दुकान पर मिला चोरी का माल, दो आरोपी पकड़े गए
लखनऊ। सरोजनी नगर क्षेत्र में चोरी की वारदात का खुलासा उस समय हुआ जब पीड़ितों ने खुद ही आरोपियों को कबाड़ी की दुकान पर रंगे हाथ पकड़ लिया। सूचना के अनुसार, मुंशी खेड़ा टीपी नगर निवासी लाल बहादुर पाल के घर के बाहर खड़ी तीन गाड़ियों से 9 अप्रैल की रात अज्ञात चोरों ने वायरिंग सहित अन्य सामान चोरी कर लिया था।
इसी दौरान पड़ोसी कमल सिंह के कारखाने से भी चैनल, पट्टियां (साइडर), वाहन पार्ट्स व अन्य सामान चोरी हो गया। पीड़ित काफी समय से चोरी के सामान की तलाश में जुटे थे।
कबाड़ी की दुकान पर हुआ खुलासा
10 अप्रैल को सूचना मिली कि नवाब इंटर के पास स्थित एक कबाड़ी की दुकान पर चोरी का सामान बेचा जा रहा है। इस पर लाल बहादुर पाल और कमल सिंह मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि उनका चोरी हुआ सामान दो लोग कबाड़ी को बेच रहे हैं। भागने लगे आरोपी, लोगों ने घेरकर पकड़ा
पीड़ितों ने पूछताछ की कोशिश की तो आरोपी भागने लगे। इस पर स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया गया। इस दौरान हल्की मारपीट भी हुई।
पुलिस को सौंपे गए आरोपी
पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमन यादव और ऑटो चालक सतीश कनौजिया के रूप में हुई, जबकि कबाड़ी का नाम आशु वर्मा बताया गया है। मौके से चोरी का सामान और वाहन (UP32QT9650) भी बरामद हुआ।
पीड़ितों ने आरोपियों को सरोजनी नगर थाने में पुलिस के हवाले कर दिया है।
पुलिस से कार्रवाई की मांग
पीड़ितों ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।
Ashok Dwivedi

