सरोजनी नगर मे एक ही गाटा संख्या पर दो रिपोर्ट, राजस्व विभाग में मचा हड़कंप

सरोजनी नगर मे
एक ही गाटा संख्या पर दो रिपोर्ट, राजस्व विभाग में मचा हड़कंप
लखनऊ। तहसील सरोजनी नगर में राजस्व अभिलेखों को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। रजिस्टर कानूनगो विजय प्रताप सिंह द्वारा एक ही गाटा संख्या पर अलग-अलग समय पर भिन्न भिन्न रिपोर्ट प्रस्तुत किए जाने से पूरे प्रकरण पर सवाल उठ खड़े हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रारंभिक रिपोर्ट में संबंधित गाटा संख्या को तालाब (जलाशय) के रूप में दर्ज किया गया था। इसी आधार पर तहसीलदार द्वारा मांगी गई स्पष्ट आख्या में भी भूमि को तालाब ही दर्शाया गया।
हालांकि, लगभग दो महीने बाद उसी फाइल को पुनः ऑनलाइन कराते हुए, उसी गाटा संख्या पर रिपोर्ट में बदलाव कर किसान का नाम दर्ज दिखाया गया। आश्चर्यजनक रूप से, इसी संशोधित रिपोर्ट के आधार पर उपजिलाधिकारी द्वारा धारा 80 के अंतर्गत आदेश पारित कर दिया गया, जिसके बाद खतौनी में नामांतरण भी दर्ज हो गया।
सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि एक ही गाटा संख्या पर एक ओर तालाब दर्ज हो और दूसरी ओर निजी व्यक्ति का नाम—यह कैसे संभव है?
इस मामले ने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। स्थानीय लोगों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।
Ashok Dwivedi

