हाथरस के मेंडू में ओवररेट शराब बिक्री का आरोप, वीडियो वायरल; नियमों की खुलेआम उड़ाई जा रही धज्जियां, ग्राहकों ने किया पर्दाफाश

हाथरस। मेंडू क्षेत्र में शराब की बिक्री को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। यहां एक कम्प्रोमाइज (ठेका) दुकान पर शराब की बोतलों पर कथित तौर पर चिट लगाकर निर्धारित कीमत से अधिक दामों पर बेचने का मामला प्रकाश में आया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में ग्राहकों से ओवररेट वसूली का आरोप लगाया जा रहा है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि यह दुकान दिनेश कुमार के नाम से आवंटित है। आरोप है कि ठेके पर खुलेआम नियमों की अनदेखी करते हुए शराब की बोतलें तय कीमत से अधिक पर बेची जा रही हैं। जबकि शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी स्थिति में एमआरपी से अधिक मूल्य पर शराब की बिक्री नहीं की जा सकती।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां लंबे समय से चल रही हैं, लेकिन अब वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया है। लोगों ने प्रशासन से इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, इस मामले को लेकर आबकारी विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह न केवल नियमों का उल्लंघन है बल्कि बड़े स्तर पर चल रहे संभावित शराब घोटाले की ओर भी इशारा करता है।
फिलहाल, संबंधित अधिकारियों की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब देखना होगा कि प्रशासन वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर क्या कार्रवाई करता है।
Jitendra

