हाथरस में बिजली व्यवस्था को लेकर बड़ा मंथन, डीएम ने दिए सख्त निर्देश — उपभोक्ताओं को निर्बाध व गुणवत्तापूर्ण आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर -ट्रांसफार्मर, बिलिंग और शिकायत निस्तारण व्यवस्था होगी और मजबूत, मीटर रीडिंग में लापरवाही पर कार्रवाई के संकेत

0
1003790781.jpg
Spread the love

1003790781.jpg

जनपद में विद्युत आपूर्ति को सुचारू, निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में विद्युत विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, ट्रांसफार्मर प्रबंधन, उपभोक्ता शिकायत निस्तारण तथा विभागीय योजनाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को सही और वास्तविक बिजली बिल उपलब्ध कराने के लिए मीटर रीडरों की नियमित फील्ड विजिट अनिवार्य की जाए। उन्होंने कहा कि सभी मीटर रीडिंग निर्धारित स्थल पर पहुंचकर समयबद्ध तरीके से दर्ज की जाए, जिससे उपभोक्ताओं को अनावश्यक बिल संबंधी समस्याओं का सामना न करना पड़े।
डीएम ने विद्युत चोरी और ओवरलोडिंग पर सख्त नियंत्रण के निर्देश देते हुए कहा कि रोस्टर के अनुरूप बिजली आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने खराब हो रहे ट्रांसफार्मरों की तत्काल मरम्मत अथवा आवश्यकता पड़ने पर बिना विलंब बदले जाने के निर्देश दिए, ताकि आपूर्ति बाधित न हो।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी कारणवश विद्युत शटडाउन लिया जाता है, तो इसकी पूर्व सूचना संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के माध्यम से आमजन तक समय से पहुंचाई जाए। साथ ही, लोड के अनुरूप ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया, जिससे ओवरलोडिंग की समस्या समाप्त हो सके और आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
जिलाधिकारी ने बिजली बिलों में अधिक राशि आने सहित अन्य उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने मोबाइल ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता बढ़ाने पर भी बल दिया, ताकि आपात स्थिति में तत्काल विद्युत आपूर्ति बहाल की जा सके।
बैठक में अधीक्षण अभियंता विद्युत ने विभागीय योजनाओं, आपूर्ति व्यवस्था, मानव संसाधन स्थिति, ट्रांसफार्मर बदलने की समय-सीमा तथा अन्य तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, एआर कोऑपरेटिव, अधिशासी अभियंता विद्युत सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Jitendra

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed