ग्राहकों से धोखाधड़ी : मुरसान में अवैध कॉलोनी पर प्रशासन मौन, बिना अनुमति के चमारपट्टी में ‘कीर्तिपुरम’ के नाम पर धड़ल्ले से प्लॉटिंग, नियमों को ठेंगा दिखाकर कट रहे प्लॉट, कार्रवाई का इंतजार

हाथरस। सदर तहसील क्षेत्र के मुरसान कस्बा स्थित ग्राम चमारपट्टी में अवैध आवासीय कॉलोनी के निर्माण को लेकर मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। गाटा संख्या 79, 136 और 73/2 पर बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के प्लॉटिंग और निर्माण कार्य खुलेआम जारी है, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार गाटा संख्या 73/2 पर ‘कीर्तिपुरम’ नाम से कॉलोनी विकसित की जा रही है। वहीं गाटा संख्या 136, ब्लॉक रोड नगला बाबू तथा कन्हैया फार्म हाउस के आसपास भी अवैध रूप से प्लॉट काटे जा रहे हैं। आरोप है कि बुद्ध विहार कॉलोनी, सादाबाद अड्डा मुरसान निवासी मोनू गौतम पुत्र बच्चू सिंह व अन्य लोगों द्वारा बिना किसी वैध स्वीकृति के यह निर्माण कराया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि कृषि भूमि को बिना भूमि उपयोग परिवर्तन कराए ही आवासीय कॉलोनी में बदला जा रहा है। न तो नक्शा पास कराया गया है और न ही संबंधित विभागों से अनुमति ली गई है। इसके बावजूद सड़कों का निर्माण कर प्लॉट बेचे जा रहे हैं और खरीदारों को रजिस्ट्री के नाम पर गुमराह किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल उठ रहे हैं और लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस प्रकार की अवैध कॉलोनियां भविष्य में बड़ी समस्याओं को जन्म देती हैं। इनमें न तो जल निकासी, सड़क, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं सही ढंग से उपलब्ध हो पाती हैं और न ही कानूनी सुरक्षा सुनिश्चित होती है, जिससे खरीदारों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
फिलहाल निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि वह इस अवैध निर्माण पर कब तक कार्रवाई करता है।
Jitendra


