घर के बरामदे से दो साल के मासूम को उठा ले गया गुलदार, खेत में मिला शव
नहटौर क्षेत्र के मुस्सेपुर पाली गांव की घटना से मचा हड़कंप, वन विभाग और पुलिस ने शुरू की जांच
उत्तम हिंदुस्तान ब्यूरो
बिजनौर। नहटौर थाना क्षेत्र के मुस्सेपुर पाली गांव में शनिवार तड़के गुलदार ने घर के बरामदे में सो रहे दो वर्षीय मासूम पर हमला कर दिया। गुलदार बच्चे को उठाकर करीब आधा किलोमीटर दूर खेत में ले गया, जहां उसका लहूलुहान शव बरामद हुआ। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।
मुस्सेपुर पाली निवासी राजवीर सिंह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। शनिवार सुबह करीब पांच बजे राजवीर सिंह और उनकी पत्नी कमला देवी की नींद खुली तो उनका दो वर्षीय बेटा रोहित चारपाई पर नहीं मिला। बच्चे के गायब होने से परिजनों में अफरातफरी मच गई। उन्होंने आसपास तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर मुस्सेपुर-मुनीमपुर मार्ग पर देवेंद्र सिंह के खेत में रोहित लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। परिजनों ने आशंका जताई कि गुलदार बच्चे को घर के बरामदे से उठाकर खेत तक ले गया और हमला कर दिया। घटना में बच्चे की मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। डिप्टी वन रेंजर हरदेव सिंह, वन रक्षक विपिन कुमार, राणा प्रताप सिंह और क्षेत्रपाल सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस की ओर से दरोगा राकेश कुमार और कोतवाल किशन अवतार सिंह भी मौके पर पहुंचे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रोहित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। राजवीर सिंह की तीन संतानों में दो बेटियां और सबसे छोटा रोहित था। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों में गुलदार को लेकर भय व्याप्त है और वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने तथा गुलदार को पकड़ने की मांग की जा रही है।