झालू में नहर किनारे पेड़ काटकर ले जाने का प्रयास, भाकियू ने की कार्रवाई की मांग
उत्तम हिंदुस्तान ब्यूरो बिजनौर
झालू। झालू-बरुकी नहर के किनारे रविवार रात अज्ञात लोगों ने यूकेलिप्टस का पेड़ काट दिया। पेड़ को मौके से ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन इससे पहले ही किसान मौके पर पहुंच गए। किसानों की सूचना पर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के पदाधिकारियों ने वन विभाग और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सोमवार सुबह खेतों पर काम करने पहुंचे किसानों ने नहर किनारे पेड़ कटा हुआ देखा। इसकी जानकारी भाकियू कार्यकर्ताओं को दी गई। सूचना मिलते ही भाकियू नगर अध्यक्ष डॉ. कामेंद्र सिंह और ब्लॉक महासचिव शुभम राणा मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले की सूचना वन विभाग और पुलिस को दी।
सूचना पर वन विभाग के डिप्टी रेंजर नीतीश कुमार और वन दरोगा योगेंद्र मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। वन विभाग की टीम कटे हुए पेड़ को अपने साथ ले गई।
भाकियू नगर अध्यक्ष डॉ. कामेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि नहर के किनारे आए दिन हरे पेड़ों का कटान किया जा रहा है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने नहर किनारे पेड़ों की अवैध कटान पर प्रभावी रोक लगाने तथा मामले में जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।