नहटौर में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, खराब रसगुल्ले कराए नष्ट
मिलावट पर कार्रवाई या महज खानापूर्ति? मिठाई की दुकानों पर जांच को लेकर उठ रहे सवाल
उत्तम हिंदुस्तान ब्यूरो : बिजनौर
नहटौर। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार शाम हल्दौर चौराहे और कोतवाली देहात मार्ग स्थित मिठाई की दुकानों पर औचक छापेमारी की। इस दौरान टीम ने मिठाइयों की गुणवत्ता की जांच की। जांच में खराब और संदिग्ध पाए गए रसगुल्लों को मौके पर ही नष्ट कराया गया। विभागीय अधिकारियों ने दुकानदारों को मिलावट और खराब खाद्य सामग्री की बिक्री पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
छापेमारी दल का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा अधिकारी डीके वर्मा और अनिल कुमार ने किया। टीम ने अचानक दुकानों पर पहुंचकर बिक्री के लिए रखी मिठाइयों की गुणवत्ता और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। जांच के दौरान कुछ दुकानों पर रसगुल्ले खराब और संदिग्ध पाए गए।
जनता के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने खराब रसगुल्लों को मौके पर ही नष्ट कराया। इसके साथ ही दुकानदारों को निर्देश दिए कि वे केवल गुणवत्तापूर्ण और मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री की ही बिक्री करें।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने चेतावनी दी कि मिठाइयों में मिलावट अथवा खराब खाद्य सामग्री की बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में जांच के दौरान अमानक, मिलावटी या खराब खाद्य सामग्री पाए जाने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बॉक्स---
सूत्रों के अनुसार
सूत्रों के अनुसार, जिला बिजनौर में मिलावटी और खराब गुणवत्ता वाली मिठाइयों की बिक्री खुलेआम किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। आरोप है कि प्रशासन द्वारा समय-समय पर जांच और छापेमारी की कार्रवाई तो की जाती है, लेकिन कार्रवाई महज खानापूर्ति तक सीमित रह जाती है। इससे मिलावटखोरों के हौसले बुलंद हैं और लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ का खतरा बना हुआ है।