तीन ब्लड बैंकों पर रक्त लेने-देने पर रोक

तीनों ब्लड बैंकों में उपलब्ध रक्त को सरकारी ब्लड बैंक में कराया जा रहा ट्रांसफर

Aug 21, 2026 - 20:24
 0  53
तीन ब्लड बैंकों पर रक्त लेने-देने पर रोक


उत्तम हिंदुस्तान ब्यूरो : बिजनौर


बिजनौर। मरीजों के हित और शासन की मंशा को ध्यान में रखते हुए जिले में ब्लड बैंकों की निगरानी को लेकर ड्रग इंस्पेक्टर पीयूष शर्मा लगातार सक्रिय हैं। वह लगातार ब्लड बैंकों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं, रिकॉर्ड और निर्धारित मानकों के अनुपालन की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। ड्रग इंस्पेक्टर पीयूष शर्मा की कार्रवाई के तहत अब तक तीन ब्लड बैंकों में रक्त लेने और देने पर रोक लगाई जा चुकी है। इनमें आयुष्मान ब्लड बैंक धामपुर, बिजनौर ब्लड बैंक बिजनौर तथा गुरु नानक देव ब्लड बैंक नजीबाबाद शामिल हैं। इसी क्रम में पीयूष शर्मा ने गुरु नानक देव ब्लड बैंक, नजीबाबाद पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने रक्त के सुरक्षित रखरखाव, रिकॉर्ड, आवश्यक दस्तावेजों और निर्धारित मानकों के अनुपालन की जांच की। निरीक्षण के बाद ब्लड बैंक में रक्त लेने और देने पर रोक लगा दी गई। ब्लड बैंकों में उपलब्ध रक्त को मरीजों के हित में सरकारी ब्लड बैंक में ट्रांसफर कराया जा रहा है, ताकि रक्त का सुरक्षित उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। ड्रग इंस्पेक्टर पीयूष शर्मा की कार्यशैली को लेकर विभागीय एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोगों में चर्चा है। उन्हें साफ-सुथरी छवि और नियमों के अनुपालन को लेकर सख्त रुख रखने वाले अधिकारी के रूप में देखा जाता है। लगातार निरीक्षण और कार्रवाई के जरिए वह ब्लड बैंकों की व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने पर जोर दे रहे हैं। ड्रग इंस्पेक्टर पीयूष शर्मा का कहना है कि तीन ब्लड बैंकों पर कार्रवाई के बाद भी अभियान जारी है। आगे भी ब्लड बैंकों का निरीक्षण और मॉनिटरिंग जारी रहेगी तथा निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

@akag उत्तम हिंदुस्तान जिला ब्यूरो चीफ बिजनौर