पेट्रोल डलवाकर रुपये मांगने पर कर्मचारियों को पीटने वाला स्कार्पियो सवार गिरफ्तार

Aug 27, 2026 - 13:08
 0  7
पेट्रोल डलवाकर रुपये मांगने पर कर्मचारियों को पीटने वाला स्कार्पियो सवार गिरफ्तार

पेट्रोल डलवाकर रुपये मांगने पर कर्मचारियों को पीटने वाला स्कार्पियो सवार गिरफ्तार
वारदात में प्रयुक्त स्कार्पियो-एन गाड़ी बरामद, आरोपी का पहले से भी दर्ज है आपराधिक इतिहास
​लखनऊ:
कानपुर रोड स्थित पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने के बाद भुगतान मांगने पर कर्मचारियों के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने वाले एक अभियुक्त को सरोजनीनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्कार्पियो-एन गाड़ी भी बरामद कर ली है।
​भुगतान मांगने पर किया था हमला
सरोजनीनगर स्थित अश्विन ऊर्जा एचपी पेट्रोल पंप के मैनेजर चंद्रमणि के अनुसार, बीते 23 अगस्त 2026 को स्कार्पियो सवार तीन लोग अपने अन्य साथियों के साथ पंप पर पहुंचे थे। गाड़ी में पेट्रोल भरवाने के बाद जब कर्मचारियों ने रुपयों की मांग की, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए कर्मचारियों पर हमला कर दिया और मारपीट कर मौके से फरार हो गए। मैनेजर की तहरीर पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
​मुखबिर व तकनीकी मदद से गिरफ्तारी
पुलिस आयुक्त लखनऊ के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत सरोजनीनगर पुलिस टीम ने मैनुअल और तकनीकी सूचना तंत्र के जरिए आरोपी की पहचान की। पुलिस ने आरोपी इशांत सिंह सेंगर (30 वर्ष), निवासी अर्जुनगंज, लखनऊ को गिरफ्तार कर लिया।
​पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पकड़ा गया अभियुक्त इशांत सिंह सेंगर शातिर किस्म का है। उसके खिलाफ सरोजनीनगर थाने में पहले से भी मारपीट व धमकी देने का एक आपराधिक मामला (मु0अ0सं0 186/26) दर्ज है। पुलिस ने अभियुक्त को सक्षम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है, साथ ही मामले में शामिल अन्य अज्ञात साथियों की तलाश जारी है।