27 और 28 अगस्त को सुबह 10 से रात 10 बजे तक रहेगी व्यवस्था, चारपहिया वाहनों के बाजार में प्रवेश पर रोक

Aug 26, 2026 - 19:20
 0  7
27 और 28 अगस्त को सुबह 10 से रात 10 बजे तक रहेगी व्यवस्था, चारपहिया वाहनों के बाजार में प्रवेश पर रोक

रक्षाबंधन पर सदर बाजार में लागू होगी एकल मार्ग व्यवस्था

27 और 28 अगस्त को सुबह 10 से रात 10 बजे तक रहेगी व्यवस्था, चारपहिया वाहनों के बाजार में प्रवेश पर रोक

उत्तम हिंदुस्तान ब्यूरो शाहजहांपुर 

शाहजहांपुर। रक्षाबंधन पर्व पर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए शाहजहांपुर यातायात पुलिस ने सदर बाजार और कोतवाली बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। 27 और 28 अगस्त को सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक एकल मार्ग व्यवस्था लागू रहेगी। विभिन्न स्थानों पर बैरियर लगाकर यातायात का संचालन किया जाएगा।

सदर बाजार में घंटाघर से बहादुरगंज-पंखी चौराहा की ओर ई-रिक्शा और चारपहिया वाहन आ सकेंगे, जबकि पंखी चौराहा से बहादुरगंज की ओर इन वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। बाजार के अंदर जाने के लिए निशात टॉकीज से कटिया टोला रोड का इस्तेमाल किया जा सकेगा।

अलका गेस्ट हाउस, जेल रोड पार्किंग, पचराहा और लोहामंडी से बाजार क्षेत्र में ई-रिक्शा व चारपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सदर बाजार से गोविंदगंज मार्केट होते हुए बाबा विश्वनाथ तक तथा सिटी कार्ट से बहादुरगंज-घंटाघर मार्ग पर दोपहिया वाहनों के सुचारू संचालन के लिए मोबाइल ड्यूटी लगाई जाएगी। कोतवाली बाजार क्षेत्र में कच्चा कटरा मोड़ से चार खंभा चौराहा तक भी यातायात पुलिस की मोबाइल ड्यूटी रहेगी।

व्यापारियों से अपील

यातायात पुलिस ने व्यापारियों से अपील की है कि दुकानों पर सामान लाने वाले वाहनों को सुबह 10 बजे से पहले बाजार क्षेत्र से बाहर कर दें। दुकानों के सामने वाहन खड़े न करें और नजदीकी खाली स्थान पर पार्किंग की व्यवस्था करें, ताकि बाजार में जाम की स्थिति न बने।

चारपहिया वाहन बाजार में न लाने की अपील

पुलिस ने खरीदारी के लिए आने वाले नागरिकों से चारपहिया वाहन बाजार क्षेत्र में न लाने की अपील की है। वाहन लकड़ी मंडी रोड, जेल रोड पार्किंग और गोविंदगंज पार्किंग में निर्धारित स्थानों पर खड़े करने को कहा गया है। पुलिस ने आमजन से निर्धारित मार्ग और पार्किंग व्यवस्था का पालन कर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।